खूब पढ़ें, आगे बढ़ें — सरकार आपके साथ है नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के युवाओं ने राजधानी में की बौद्धिक यात्रा, खिले चेहरे
खूब पढ़ें, आगे बढ़ें — सरकार आपके साथ है
नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के युवाओं ने राजधानी में की बौद्धिक यात्रा, खिले चेहरे
रायपुर, 30 जून 2025। राजधानी रायपुर पहुंचे सुकमा जिले के युवाओं के दल का मंत्रालय महानदी भवन में आत्मीय स्वागत किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित इस बौद्धिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को प्रदेश की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की जानकारी दी जा रही है।
युवाओं से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से चर्चा करते हुए कहा कि नक्सली ताकतें बस्तर के विकास में बाधक हैं और सरकार पूरी प्रतिबद्धता से बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में जुटी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द बस्तर से नक्सलवाद का खात्मा होगा।
राजधानी रायपुर आए सुकमा जिले के 95 सदस्यीय दल में 77 बालक और 18 बालिकाएं शामिल हैं। युवाओं ने बताया कि उनके दल के अधिकांश सदस्य पहली बार राजधानी आए हैं और उन्हें मंत्रालय परिसर का दौरा करने तथा शासन की कार्यशैली को करीब से देखने का अवसर मिला।
इस दौरान युवाओं ने अपनी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। किसी ने बीएससी सेकेंड ईयर तो किसी ने बीए फाइनल ईयर की पढ़ाई की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने उनकी शिक्षा के प्रति रुचि की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि यह भ्रमण स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के तहत ‘नियद नेल्लानार’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया है, जिसमें बस्तर संभाग के युवाओं को राजधानी और अन्य प्रमुख विकास स्थलों का भ्रमण कराकर उन्हें प्रशासनिक, सामाजिक और विकास कार्यों की जानकारी दी जाती है।
युवाओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास का भाव साफ नजर आया। सभी ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए सीखने और अनुभव प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0