राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर मंथन
राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर मंथन
एग्जिबिशन सेंटर, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल, शिल्पग्राम, पार्किंग और फूड जोन समेत सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश
रायपुर, 29 सितंबर 2026। नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्योत्सव की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव विकासशील के निर्देश पर हुए इस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राज्योत्सव से जुड़े विभिन्न स्थलों और तैयारियों की स्थिति देखी तथा आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को लेकर चर्चा की।
एग्जिबिशन सेंटर से फन जोन तक व्यवस्थाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एग्जिबिशन सेंटर, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल, शिल्पग्राम, प्रशासनिक भवन, हेलीपैड, पार्किंग जोन, फूड जोन, फन जोन, मुख्य प्रवेश द्वार और बस स्टॉप सहित आयोजन स्थल के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने आयोजन स्थल के समतलीकरण के लिए जेसीबी से किए जा रहे कार्यों, पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और विभिन्न स्टॉल की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने कहा कि राज्योत्सव में बड़ी संख्या में नागरिकों और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को पहले से सुव्यवस्थित किया जाना जरूरी है। आयोजन स्थल पर किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष फोकस
राज्योत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी अधिकारियों ने विस्तार से चर्चा की। एसपी ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने पर्यटन एवं संस्कृति सचिव और कलेक्टर को सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की सुचारू आवाजाही, पार्किंग तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी।
मुख्य प्रवेश द्वार और निकास मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों तथा आगंतुकों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था के बेहतर समन्वय पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने, वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
समय-सीमा में पूरी होंगी तैयारियां
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राज्योत्सव में आने वाले नागरिकों और आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आयोजन स्थल की सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने को कहा गया। पार्किंग, प्रकाश, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास, सुरक्षा और यातायात सहित प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान सीएसआईडीसी के एमडी विश्वेश झा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पर्यटन मंडल के एमडी सौमिल रंजन चौबे, एसपी ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, एडीएम उमाशंकर बंदे, एनआरडीए के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0