विकसित भारत-2047 की कल्पना बच्चों ने रंगों में उकेरी, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
विकसित भारत-2047 की कल्पना बच्चों ने रंगों में उकेरी, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
पुसौर में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता सह-प्रदर्शनी, विजेता विद्यार्थियों का हुआ सम्मान; प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर शिक्षकों की कार्यशाला
रायपुर, 2 अक्टूबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित शासकीय हाई स्कूल पंचपारा में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत-2047’ की अपनी कल्पना को चित्रों और विचारों के माध्यम से प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों से संवाद कर उनकी रुचियों, प्रतिभा तथा भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंत्री ने प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं। सही दिशा में मेहनत और समय पर मिले मार्गदर्शन के जरिए विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
रायगढ़ में शिक्षा के नए अवसरों का लाभ उठाएं विद्यार्थी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने रायगढ़ में संचालित नर्सिंग कॉलेज, संगीत महाविद्यालय और नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भविष्य की दिशा तय करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने और उपलब्ध अवसरों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
चित्रों में दिखी विकसित भारत की तस्वीर
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विभिन्न संकुलों से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने विकसित भारत-2047 को लेकर अपनी कल्पना को रंगों के माध्यम से जीवंत किया।
किसी ने आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर उकेरी तो किसी ने शिक्षा, तकनीक और विकास को भविष्य के भारत से जोड़ते हुए अपनी कल्पना प्रस्तुत की। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
प्रतियोगिताओं में ये विद्यार्थी रहे अव्वल
प्राथमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में संजना प्रजापती ने प्रथम, रोशनी चौहान ने द्वितीय और परिधी चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी स्तर की भाषण प्रतियोगिता में फातिमा महंत प्रथम, कुमकुम श्रीवास द्वितीय और पूजा चौहान तृतीय रहीं।
माध्यमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में प्राची मेहर ने प्रथम, मिथिला पटेल ने द्वितीय और भूमिका निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में मीनाक्षी साहू प्रथम, शिबिका कुमारी द्वितीय और महिमा गुप्ता तृतीय रहीं।
वहीं हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में गरिमा पटेल प्रथम, नियति प्रधान द्वितीय और योगेश संजय तृतीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में तुषार चौहान ने प्रथम, प्रिन्सी पटेल ने द्वितीय और रूची चौधरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
सभी विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में शिक्षक निभाएंगे अहम भूमिका
कार्यक्रम के साथ कक्षा 5वीं और 8वीं में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के लिए एक दिवसीय विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रारंभिक स्तर से तैयार करने पर जोर दिया गया।
कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य, जवाहर उत्कर्ष और सैनिक स्कूल जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराने के संबंध में शिक्षकों को मार्गदर्शन दिया गया। वहीं कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के लिए प्रयास, राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य परीक्षा (एनएमएमएस) और श्रेष्ठा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी दी गई।
विशेषज्ञ शिक्षकों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, अध्ययन की प्रभावी पद्धति और विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से तैयार करने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर से ही बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और उन्हें उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोल नारायण, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित विभिन्न संकुलों के सीएसी, शासकीय हाई स्कूल पंचपारा के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0