महाराजबंध तालाब में श्रमदान, स्वच्छता की शपथ: अरुण साव ने कहा- सफाई को आदत बनाएं, तभी शहर होंगे स्वच्छ

Voluntary labor and cleanliness pledge at Maharajbagh Pond: Arun Saw says cleanliness must become a habit for the city to become clean.
 0
महाराजबंध तालाब में श्रमदान, स्वच्छता की शपथ: अरुण साव ने कहा- सफाई को आदत बनाएं, तभी शहर होंगे स्वच्छ

महाराजबंध तालाब में श्रमदान, स्वच्छता की शपथ: अरुण साव ने कहा- सफाई को आदत बनाएं, तभी शहर होंगे स्वच्छ

रायपुर, 25 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर में स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी का संदेश देने के लिए शुक्रवार को मठपारा स्थित महाराजबंध तालाब में ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम की टीम, ग्रीन आर्मी, स्वयंसेवी एवं सामाजिक संगठनों के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव भी शामिल हुए। उन्होंने खुद श्रमदान करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और जनसमुदाय को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

स्वच्छता अभियान नहीं, दैनिक जीवन की आदत बने

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसे हर नागरिक को अपने दैनिक जीवन की आदत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि जब लोग अपने घर के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी शहर वास्तव में स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बन सकेंगे।

उन्होंने नागरिकों से तालाबों, जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई केवल नगर निगम या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

महाराजबंध तालाब परिसर में किया श्रमदान

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने महाराजबंध तालाब परिसर में सामूहिक रूप से श्रमदान किया। लोगों ने तालाब परिसर से कचरा और गंदगी हटाई तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।

इस दौरान नागरिकों को जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के जरिए यह संदेश भी दिया गया कि जनभागीदारी के बिना शहर को लंबे समय तक स्वच्छ रखना संभव नहीं है।

पांच सफाई मित्रों का सम्मान

कार्यक्रम में शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पांच सफाई मित्रों रमेश सोना, अवधेश सोनी, घना कुर्रे, अमित धीवर और राहुल राजपूत को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्य को शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पौधरोपण भी किया। स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने का संदेश दिया गया।

विधायक सुनील सोनी ने लोगों से सेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ स्वच्छता अभियानों से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, महंत रामसुंदर दास, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, सूडा के सीईओ सुमित अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ हुए इस श्रमदान कार्यक्रम ने स्वच्छता को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0