काम नहीं करने वाले 6 बड़े ठेकेदार ब्लैकलिस्टेड, दो के पंजीयन निरस्त
काम नहीं करने वाले 6 बड़े ठेकेदार ब्लैकलिस्टेड, दो के पंजीयन निरस्त
सड़कों और पुलों के निर्माण में देरी और लापरवाही पर PWD की बड़ी कार्रवाई, कई ठेकेदारों के पंजीयन नवीनीकरण पर रोक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़कों और पुलों के निर्माण कार्य में देरी, लापरवाही और अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने ऐसे 6 बड़े ठेकेदारों के पंजीयन के नवीनीकरण पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। इनमें से दो ठेकेदारों के पंजीयन निरस्त भी कर दिए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय के अनुसार, संबंधित ठेकेदारों को निर्माण कार्य में देरी और अनुबंध के अनुरूप काम नहीं करने को लेकर कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके अलावा अनुबंध की अवधि बढ़ाई गई और ठेकेदारों की ओर से काम पूरा करने के लिए शपथ पत्र भी दिए गए। इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।
विभाग ने कार्यों को पूरा करने में रुचि नहीं लेने, लापरवाही बरतने और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके पंजीयन के नवीनीकरण पर रोक लगा दी है।
इन 6 ठेकेदारों पर कार्रवाई
विभाग की कार्रवाई की जद में आने वाले ठेकेदारों में—
के. मोहन रेड्डी
मेसर्स शांति विजय कंस्ट्रक्शन
मेसर्स ट्रांसाफ्ट इंफ्रा
मेसर्स राघवा कंस्ट्रक्शन
मेसर्स बालाजी इन्फ्रास्ट्रक्चर
मेसर्स पंकज हालदार
शामिल हैं।
दो ठेकेदारों के पंजीयन निरस्त
लोक निर्माण विभाग ने सार्वजनिक आवागमन और जनसुविधा से जुड़े निर्माण कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए के. मोहन रेड्डी और मेसर्स ट्रांसाफ्ट इंफ्रा. के पंजीयन निरस्त कर दिए हैं।
विभाग के मुताबिक, सुकमा जिले में चिंतलनार-मरियागुड़म मार्ग और भेज्जी-चिंतागुफा मार्ग के निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों में यह कार्रवाई की गई है। दोनों ठेकेदारों के खिलाफ आदेश की तारीख से आगामी 5 वर्षों तक पंजीयन का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।
राघवा कंस्ट्रक्शन पर 5 साल की रोक
सुकमा जिले में चिंतलनार-मरियागुड़म मार्ग और कोंटा-गोलापल्ली मार्ग का काम कर रहे मेसर्स राघवा कंस्ट्रक्शन के पंजीयन के नवीनीकरण पर आगामी 5 वर्षों तक रोक लगाने की कार्रवाई की गई है।
शांति विजय कंस्ट्रक्शन का भी नवीनीकरण रोका
नारायणपुर जिले में नारायणपुर-सोनपुर-मरोड़ा मार्ग का निर्माण कर रहे मेसर्स शांति विजय कंस्ट्रक्शन के पंजीयन के नवीनीकरण पर भी आगामी 5 वर्षों तक रोक लगाई गई है।
इसी तरह सुकमा जिले में चिंतलनार-मरियागुड़म मार्ग का निर्माण कर रहे मेसर्स ट्रांसाफ्ट इंफ्रा. के खिलाफ पंजीयन निरस्त करने के साथ आदेश की तारीख से आगामी 5 वर्षों तक नवीनीकरण पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई है।
वहीं कोंटा-गोलापल्ली मार्ग का काम कर रहे मेसर्स बालाजी इन्फ्रास्ट्रक्चर के पंजीयन को लेकर आगामी 2 वर्षों तक नवीनीकरण नहीं करने की कार्रवाई की गई है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी ने कहा कि प्रदेश में सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा नहीं करने तथा गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ आगे भी कड़ी विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0