सुशासन में भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं: उप मुख्यमंत्री अरुण साव
सुशासन में भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं: उप मुख्यमंत्री अरुण साव
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि विष्णु साय के नेतृत्व वाली सुशासन सरकार में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजापुर सड़क घोटाले में जिन अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज की गई थी, उनकी गिरफ्तारी यह संदेश देती है कि सरकार भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बीजापुर सड़क मामले में जांच कमेटी का गठन किया गया था और रिपोर्ट आते ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की गई। मामले में पुलिस जांच लगातार जारी थी, और अब जिन अधिकारियों की गिरफ्तारी हुई है, वह इस बात का प्रमाण है कि सरकार का रुख भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी तरह सख्त है।
गौरतलब है कि बीजापुर पुलिस ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक कार्यपालन अभियंता (ईई), एक एसडीओ, एक उप अभियंता (सब इंजीनियर) और दो पूर्व ईई शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई एक मिसाल है और आने वाले समय में भी इसी तरह कठोर कदम उठाए जाएंगे।
नन गिरफ्तारी पर राजनीति न हो: उप मुख्यमंत्री
दुर्ग में दो नन की गिरफ्तारी के मामले में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आदिवासी समाज की बेटियों से जुड़ा संवेदनशील विषय है। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले में जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
उन्होंने अपील की कि इस तरह के गंभीर मामलों पर राजनीतिक बयानबाज़ी से बचना चाहिए, क्योंकि यह आदिवासी समाज की बेटियों का विषय है और इस पर राजनीति करना बेहद शर्मनाक है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0