पत्नी और मासूम बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या कर खुद फांसी लगाने जा रहा था पति, ग्रामीणों और पुलिस ने ऐसे बचाई जान
पत्नी और मासूम बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या कर खुद फांसी लगाने जा रहा था पति, ग्रामीणों और पुलिस ने ऐसे बचाई जान
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कमलेश्वर थाना क्षेत्र के नर्मदापारा मझपरा गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी और 7 साल की मासूम बेटी की बेरहमी से कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद भी फांसी लगाने जा रहा था, लेकिन समय रहते ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उसकी जान बचा ली गई।
घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, सुनील माझी (34 वर्ष) के घर से जोर-जोर की चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। कुछ देर बाद आवाजें बंद हो गईं। शक होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जब दरवाजा नहीं खुला तो छप्पर तोड़कर अंदर झांका, जहां पत्नी प्रियंका माझी (32 वर्ष) और बेटी नर्मदापरम (7 वर्ष) का रक्तरंजित शव पड़ा हुआ था। इसी दौरान आरोपी सुनील माझी खुद फांसी लगाने की कोशिश कर रहा था।
ग्रामीणों ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी और किसी तरह आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया है।
मानसिक स्थिति थी खराब, चल रहा था इलाज
जानकारी के मुताबिक, सुनील माझी गांव में ही जनपद पंचायत ऑफिस के सामने होटल चलाता था। ग्रामीणों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था। कुछ समय पहले हालत सुधरने के बाद उसने फिर से काम शुरू कर दिया था।
परिवार में नहीं था कोई और सदस्य
बताया जा रहा है कि सुनील माझी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसका कोई भाई भी नहीं है। घटना की जानकारी परिजनों और नजदीकी रिश्तेदारों को दी गई है।
पुलिस कर रही जांच
कमलेश्वर थाना पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0