जशपुर में ‘संपर्क स्मार्ट स्कूल’ कार्यक्रम की शुरुआत, बच्चों से सीधे जुड़कर दी पढ़ाई पर ध्यान देने की सीख
जशपुर में ‘संपर्क स्मार्ट स्कूल’ कार्यक्रम की शुरुआत, बच्चों से सीधे जुड़कर दी पढ़ाई पर ध्यान देने की सीख
रायपुर, 29 जून 2025। जशपुर जिले के कांसाबेल के बगिया हाईस्कूल में शनिवार को ‘संपर्क स्मार्ट स्कूल-स्मार्ट ब्लॉक’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नन्हे बच्चों के बीच बैठकर स्मार्ट क्लास-रूम का अनुभव साझा किया और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने तीसरी कक्षा की छात्रा डॉली गुप्ता से उसका और उसके गांव का नाम पूछते हुए स्नेहपूर्वक कहा — “पढ़ाई ठीक से करना है न… मोबाइल ज्यादा नहीं देखना”। बच्चों को पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और मोबाइल का अधिक उपयोग न करने की सीख दी गई।
राज्य सरकार की अभिनव पहल
संपर्क फाउंडेशन के सहयोग से राज्य सरकार जशपुर जिले की 50 प्राथमिक शालाओं में ‘संपर्क स्मार्ट स्कूल-स्मार्ट ब्लॉक’ कार्यक्रम संचालित कर रही है। इस पहल का उद्देश्य शासकीय स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाना और कक्षा में पढ़ाई की गुणवत्ता को बेहतर करना है।
कार्यक्रम के तहत संपर्क फाउंडेशन सभी स्कूलों को निःशुल्क टीवी सेट और स्मार्ट स्कूल किट उपलब्ध कराएगा। इससे करीब 3200 बच्चों को सीधे लाभ मिलेगा। साथ ही, 120 शिक्षकों को टूल्स और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों के सीखने की क्षमता को बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘स्मार्ट स्कूल्स, स्मार्ट ब्लॉक्स’ पहल से पढ़ाई और पढ़ाने की प्रक्रिया आसान और आनंददायक होगी। यह बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के साथ ही शिक्षकों को नई पद्धतियों का प्रशिक्षण देकर कक्षा शिक्षण को रोचक बनाएगा।
कार्यक्रम में दी जा रही स्मार्ट क्लास सुविधाएं वैश्विक शिक्षण मानकों पर आधारित हैं, जो एससीईआरटी और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों के अनुरूप हैं।
प्रभावशाली शिक्षण का मॉडल
संपर्क स्मार्ट स्कूल मॉडल के तहत बच्चों को ऑडियो-विजुअल के जरिए पाठ्य सामग्री सुलभ कराई जाएगी। इससे न केवल बच्चों की सीखने में रुचि बढ़ेगी, बल्कि शिक्षा का स्तर भी सुदृढ़ होगा।
इस अभिनव पहल को स्थानीय ग्रामीणों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहा है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0