मल्लिकार्जुन खड़गे का मोदी सरकार पर बड़ा हमला : कहा — ‘दो टांगों पर चल रही है सरकार, एक भी हटी तो गिर जाएगी’
मल्लिकार्जुन खड़गे का मोदी सरकार पर बड़ा हमला : कहा — ‘दो टांगों पर चल रही है सरकार, एक भी हटी तो गिर जाएगी’
रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रायपुर में आयोजित सभा के दौरान मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। खड़गे ने केंद्र सरकार की नीतियों, आदिवासी भूमि विवाद, मणिपुर हिंसा और सीजफायर मुद्दे को लेकर सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा।
खड़गे ने कहा, “बीजेपी के लोग कहते थे — ‘अबकी बार 400 पार’। लेकिन हकीकत ये है कि आज मोदी सरकार दो टांगों पर खड़ी है — एक टांग है टीडीपी और दूसरी नीतीश कुमार। अगर इनमें से एक भी समर्थन वापस ले ले, तो ये सरकार गिर जाएगी।”
छत्तीसगढ़ के जंगल और आदिवासी भूमि पर कब्जे का आरोप
खड़गे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में तेजी से जंगल काटे जा रहे हैं और सरकार के करीबी उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। “अडानी और अंबानी जैसे मोदी के बड़े उद्योगपति मित्र यहां आदिवासियों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। कोयला और खनिज संसाधनों की खुलकर लूट मचाई जा रही है। यह छत्तीसगढ़ के लोगों के अधिकारों का सीधा हनन है।”
सीजफायर और मणिपुर हिंसा पर भी साधा निशाना
खड़गे ने कश्मीर के सीजफायर प्रकरण को उठाते हुए कहा, “जब पहलगाम में हमला हुआ था, हमारी सेना पाकिस्तान को जवाब देने के लिए तैयार थी। लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि मैंने सीजफायर कराया। ये बात उन्होंने 16 बार कही, मगर मोदी एक बार भी बोल नहीं पाए कि हमने खुद बातचीत कर फैसला लिया। भाषणों में जोश दिखाने वाले प्रधानमंत्री यहां चुप क्यों रहे?”
मणिपुर हिंसा पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी खड़गे ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “जब मणिपुर जल रहा है, तब मोदी जी दुनिया के 8 देशों की यात्रा पर हैं। पहले 42 देश घूम चुके, अब फिर विदेश जा रहे हैं। लेकिन मणिपुर नहीं जा रहे, जहां हमारे नेता राहुल गांधी दो बार जा चुके हैं। जब राहुल जा सकते हैं, तो प्रधानमंत्री क्यों नहीं? उनके पास तो पुलिस, हेलीकॉप्टर और जहाज सब हैं।”
बिहार चुनाव में वोटर लिस्ट घोटाले का आरोप
बिहार चुनाव को लेकर खड़गे ने बड़ा दावा करते हुए कहा, “पहले महाराष्ट्र चुनाव में इन्होंने 75 लाख वोट बढ़ाए थे। अब बिहार में 2 करोड़ वोट काटने की साजिश रची जा रही है। मैं कहना चाहता हूं कि आज जो कर रहे हो, कल पछताओगे।”
गरीब-किसानों के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी कांग्रेस
सभा के अंत में खड़गे ने कहा कि बीजेपी सरकार हर जगह गरीब, किसान और आदिवासियों का हक छीनने का काम कर रही है। कांग्रेस लगातार इनके खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। छत्तीसगढ़ की जनता को भी अपने जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
1
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0