कांग्रेस का अमित शाह से सवाल — डबल इंजन सरकार में भी क्यों नहीं मिल रही किसानों को खाद, बस्तर के आदिवासी क्यों असुरक्षित?
कांग्रेस का अमित शाह से सवाल — डबल इंजन सरकार में भी क्यों नहीं मिल रही किसानों को खाद, बस्तर के आदिवासी क्यों असुरक्षित?
रायपुर, 22 जून 2025।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कई तीखे सवाल दागे हैं। बैज ने कहा कि चुनाव के दौरान अमित शाह और भाजपा नेता छत्तीसगढ़ की जनता से डबल इंजन सरकार का वादा कर वोट मांगते थे। अब जब राज्य में भाजपा की सरकार है और केंद्र में भी वही पार्टी काबिज है, तो किसान और आदिवासी क्यों उपेक्षित हैं?
किसानों को खाद-बीज नहीं, खुले में सड़ रहा धान
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि मानसून की दस्तक के बावजूद छत्तीसगढ़ के किसान खाद-बीज के लिए परेशान हैं। केंद्र सरकार राज्य को डीएपी और अन्य जरूरी उर्वरक समय पर उपलब्ध नहीं करवा रही है।
उन्होंने कहा, “अगर डबल इंजन की सरकार किसानों को खाद और बीज नहीं दिला सकती, तो फिर इस व्यवस्था का क्या मतलब?”
इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर खरीदा गया 35 लाख मीट्रिक टन धान आज भी खुले में पड़ा है। राज्य सरकार के पास इस धान के भंडारण और निपटान की कोई स्पष्ट योजना नहीं है। इससे हजारों करोड़ रुपए का किसानों का धान सड़ने की आशंका है।
बैज ने सवाल किया कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के सेन्ट्रल पूल कोटे को क्यों नहीं बढ़ा रही? अगर कोटा बढ़ाया जाए तो समस्या का समाधान संभव है।
बस्तर के आदिवासियों की सुरक्षा पर भी सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बस्तर में आदिवासियों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार को घेरा। दीपक बैज ने कहा, “आज भी बस्तर में आदिवासी असुरक्षित हैं। रोज हत्याएं हो रही हैं। आखिर डबल इंजन की सरकार आदिवासियों की सुरक्षा की गारंटी क्यों नहीं लेती?”
साथ ही उन्होंने बस्तर के खनिज संसाधनों की लूट का भी आरोप लगाया। उन्होंने पूछा कि एनएमडीसी का मुख्यालय बस्तर में क्यों नहीं लाया जा रहा और वहां के युवाओं को भर्ती में प्राथमिकता क्यों नहीं दी जा रही।
‘छत्तीसगढ़ को क्या फायदा हुआ डबल इंजन का?’
दीपक बैज ने कहा कि अमित शाह को स्पष्ट करना चाहिए कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ को अब तक क्या फायदा हुआ।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद छत्तीसगढ़ के किसान, आदिवासी और नौजवान परेशान हैं। फिर किस काम की डबल इंजन सरकार?”
संपर्क में रहें, पढ़ते रहें
छत्तीसगढ़ की हर बड़ी खबर और सियासी हलचल के लिए जुड़े रहिए हमारी वेबसाइट के साथ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0