"रेत विवाद में भाजपा नेता ने महिला पंच को दी गाली, धमकी; FIR दर्ज"
कोरबा, करतला। कोरबा जिले के करतला ब्लॉक अंतर्गत कुदमुरा पंचायत में रेत को लेकर हुए विवाद का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा महिला पंच को गाली देते और धमकी देते नजर आ रहे हैं। यह मामला 6 जून 2025 का है, जब वार्ड क्रमांक 5 की पंच गीता यादव घरेलू उपयोग के लिए मांड नदी से रेत लेने पहुंची थीं।
आरोप है कि वहां मौजूद भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा ने उन्हें रेत देने से मना करते हुए कहा कि "यह मेरा खदान है, मैं जिसे चाहूं रेत दूंगा।" जब महिला पंच ने इसका विरोध किया, तो नेता ने उन्हें गालियां दीं, चरित्र पर सवाल उठाए और जान से मारने व गाड़ी सहित गाड़ देने की धमकी तक दी।
घटना के समय संजू लहरे, द्वारका राठिया और एक अन्य नगर सैनिक सहित कई ग्रामीण मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना को देखा। गीता यादव ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी और 8 जून को करतला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने नटवरलाल शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुदमुरा पंचायत में संचालित रेत घाट मात्र दिखावे के लिए है। वास्तव में रेत के ठेकेदार स्थानीय दबंगों के संरक्षण में अवैध तरीके से घाट पर कब्जा कर मनमानी कर रहे हैं। खनिज विभाग और पुलिस प्रशासन इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
बताया जाता है कि नटवरलाल शर्मा इससे पहले भी अपनी बदजुबानी और विवादों के लिए चर्चा में रह चुके हैं। एक निर्वाचित महिला पंच के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों की गरिमा पर सवाल खड़े करता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0