कोरबा खदान में दर्दनाक हादसा: कोयला चुराने घुसे तीन लोगों में से दो की मौत, एक बाल-बाल बचा
कोरबा खदान में दर्दनाक हादसा: कोयला चुराने घुसे तीन लोगों में से दो की मौत, एक बाल-बाल बचा
कोरबा (छत्तीसगढ़), 28 मई 2025 कोरबा जिले के गेवरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान क्षेत्र में अवैध रूप से कोयला निकालने घुसे तीन युवकों में से दो की चट्टान खिसकने से मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक सुरक्षित बच निकला।
घटना दीपका बाईपास से लगे आमगांव चौक के पास स्थित खदान क्षेत्र की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुहाने धनवार पारा निवासी विशाल यादव (19), धन सिंह धनुवार (24) और साहिल धनुवार (20) मंगलवार की सुबह अवैध रूप से कोयला निकालने के लिए खदान में घुसे थे। वे लगभग 10 फीट गहराई में उतरकर कुदाल से कोयला निकाल रहे थे कि तभी अचानक ऊपर से चट्टान खिसक गई।
विशाल यादव और धन सिंह चट्टान के साथ गिरे मलबे में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीसरा युवक साहिल थोड़ी दूरी पर बोरी में कोयला भर रहा था, जिससे वह हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और मलबे से शवों को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में यह मामला अवैध खनन का प्रतीत हो रहा है।
प्रशासन ने दी चेतावनी:
अवैध कोयला खनन पर प्रशासन ने पहले भी कई बार चेतावनी दी है, लेकिन बावजूद इसके इस प्रकार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पारिवारिक शोक:
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में मातम का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0