36 हजार बच्चों को मिली नई जिंदगी, नर्सों को मिला सम्मान: सत्य साईं हॉस्पिटल बना सेवा का प्रतीक, अरुण साव बोले- यह पुण्य का काम है

 0
36 हजार बच्चों को मिली नई जिंदगी, नर्सों को मिला सम्मान: सत्य साईं हॉस्पिटल बना सेवा का प्रतीक, अरुण साव बोले- यह पुण्य का काम है

रायपुर। "किसी को जीवनदान देना सबसे बड़ा पुण्य है," यह बात उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तब कही जब वे नवा रायपुर स्थित सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने अस्पताल द्वारा अब तक 36 हजार से अधिक बच्चों की हार्ट सर्जरी किए जाने पर गहरा संतोष जताया और इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया।

उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवा देने वाली नर्सों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि सत्य साईं बाबा का संदेश—"सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो"—आज यहां जीवंत रूप में दिखता है। उन्होंने मंच से यह भी बताया कि इस हॉस्पिटल में न सिर्फ भारत से बल्कि 15 देशों से मरीज इलाज के लिए आते हैं और एक हजार से ज्यादा विदेशी बच्चों की हार्ट सर्जरी हो चुकी है। अब तक 3 लाख से ज्यादा बच्चों की निशुल्क जांच की जा चुकी है।

कार्यक्रम में अरुण साव ने सर्जरी करवा चुके बच्चों और उनके माता-पिता से भी मुलाकात की और उन्हें फल-मिठाइयां वितरित कीं। मंच से परिजनों ने अपने भावुक अनुभव साझा किए, जिससे माहौल भावनाओं से भर गया।

काशी में खुलेगा नया सेवा केंद्र

हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ.  श्रीनिवास जी ने जानकारी दी कि काशी (सारनाथ) में भी सत्य साईं सेवा मिशन का एक नया केंद्र शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संयोग ही है कि आज गौतम बुद्ध निर्वाण दिवस है और सत्य साईं बाबा ने भी इसी दिन "सेवा परमो धर्म:" का संदेश दिया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0