युक्तियुक्तकरण से बदली तस्वीर: पतरापारा महलोई प्राथमिक शाला में पढ़ाई को मिली रफ्तार
युक्तियुक्तकरण से बदली तस्वीर: पतरापारा महलोई प्राथमिक शाला में पढ़ाई को मिली रफ्तार
रायपुर, 3 जुलाई 2025। राज्य सरकार द्वारा लागू की गई युक्तियुक्तकरण नीति का असर अब गांव-गांव तक दिखने लगा है। रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पतरापारा महलोई स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षकों की नई पदस्थापना से शैक्षणिक वातावरण में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। पहले यह विद्यालय एक ही शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहा था, लेकिन अब दो शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति के बाद पढ़ाई में नया जोश और दिशा आई है।
विद्यालय में वर्तमान में कक्षा 1 से 5 तक कुल 78 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। पूर्व में एक ही शिक्षक के भरोसे सभी कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था, जिससे न सिर्फ शिक्षण गुणवत्ता प्रभावित हो रही थी, बल्कि विद्यार्थियों को विषयवार शिक्षा भी सीमित रूप में मिल रही थी। अब दो शिक्षकों की उपस्थिति से समयबद्ध, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित हो रही है।
विद्यालय में आए इस सकारात्मक बदलाव से पालकों में भी उत्साह का माहौल है। अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने आई प्रमिला परजा ने बताया कि अब उनके बच्चे घर आकर पढ़ाई और स्कूल की गतिविधियों के बारे में खुशी से बताते हैं। पहले उन्हें चिंता रहती थी कि एक शिक्षक इतने सारे बच्चों को कैसे संभाल पाएंगे, लेकिन अब दो शिक्षकों की नियुक्ति से बच्चों को ध्यानपूर्वक पढ़ाया जा रहा है और वे पढ़ाई में भी अधिक रुचि लेने लगे हैं।
राज्य शासन की इस पहल से न केवल बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिला है, बल्कि ड्रॉपआउट दर में भी गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है। शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता से बच्चों की पढ़ाई अब नियमित और व्यवस्थित रूप से हो रही है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सीधा सुधार देखा जा रहा है।
युक्तियुक्तकरण योजना के तहत की गई यह पहल ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हो रही है। इससे न केवल बच्चों को उनके गांव में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी मजबूत हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0