भारतीय स्वतंत्रता संग्राम एवं विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का भव्य समापन
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम एवं विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का भव्य समापन
साइबर अपराध से सतर्क रहने का आह्वान, प्रदर्शनी में देशभक्ति का संचार
दुर्ग। केंद्रीय संचार ब्यूरो, दुर्ग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की वीरगाथा एवं विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी’ का विवेकानंद सभागार में उत्साह और गर्व के माहौल में समापन हुआ। पूरे तीन दिन परिसर “भारत माता की जय” और “तिरंगा झंडा अमर रहे” के नारों से गूंजता रहा।
मुख्य अतिथि दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का कम उपयोग, पानी की बचत और स्वच्छता जैसे छोटे-छोटे प्रयास भी देश की सुरक्षा और विकास में बड़ा योगदान देते हैं।
डॉ. अजय आर्य ने प्रेरक संबोधन में कहा कि मंगल ग्रह पर जीवन ढूंढने से पहले हमें अपने जीवन में मंगल ढूंढना चाहिए और आपसी सहयोग, विश्वास तथा सुख-दुख में साथ खड़ा होना ही सच्ची देशभक्ति है।
समापन अवसर पर साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ एवं नोडल अधिकारी, दुर्ग, डॉ. संकल्प राय ने साइबर सुरक्षा पर जागरूकता प्रस्तुति देते हुए कहा कि पुलिस की मदद लेने में कभी हिचकिचाना नहीं चाहिए, ओटीपी साझा न करें, पासवर्ड मजबूत बनाएं और समय-समय पर बदलते रहें। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट और नए साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक, दुर्ग, विजय अग्रवाल ने छात्रों से कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनकर ही देश और समाज की सच्ची सेवा की जा सकती है। उन्होंने यातायात नियमों का पालन और हेलमेट पहनने की आदत को जीवनरक्षक बताया तथा बच्चों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता को भी इसके लिए प्रेरित करें।
केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक सुदीप्त कर ने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी का आंदोलन हमें अपने पूर्वजों के त्याग और बलिदान का सम्मान करना सिखाता है। समापन पर रंगोली, क्विज और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
यह प्रदर्शनी न केवल छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानियों से परिचित कराती रही, बल्कि पूरे शहर में देशभक्ति का संचार करती रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

