उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पीडब्ल्यूडी कार्यों की समीक्षा बैठक ली, बरसात में सड़कों और पुल-पुलियों की स्थिति पर विशेष फोकस
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पीडब्ल्यूडी कार्यों की समीक्षा बैठक ली, बरसात में सड़कों और पुल-पुलियों की स्थिति पर विशेष फोकस
रायपुर, 13 जुलाई 2025।छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ प्रदेशभर में चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। इस बैठक में विशेष रूप से बरसात के दौरान सड़कों, पुल-पुलियों और शासकीय भवनों की स्थिति तथा मरम्मत के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया।
मार्ग अवरुद्ध और दुर्घटनाओं की रोकथाम पर दिए निर्देश
समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए गए कि बरसात के मौसम में अतिवृष्टि के कारण किसी भी मार्ग के अवरुद्ध होने की स्थिति न बने। इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यक मरम्मत व सुरक्षा उपाय तुरंत किए जाएं। सभी संभाग और जिलों में त्वरित मरम्मत दल सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात और जनसुरक्षा बनी रहे।
परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की स्थिति की समीक्षा
बैठक में परफॉर्मेंस गारंटी के तहत बनी सड़कों की स्थिति और उनमें आवश्यक मरम्मत की जानकारी भी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण एजेंसियों की जिम्मेदारी तय करते हुए तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य कराया जाए और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदेशभर के अधिकारी वर्चुअली हुए शामिल
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और सभी संभागों के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। सभी जिलों की स्थिति, आवश्यक मरम्मत कार्य और संभावित समस्याओं की समीक्षा की गई।
सतर्कता और त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी अधिकारी सजग रहें। जलभराव, मार्ग बाधा या क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की तत्काल जानकारी लेकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, वैकल्पिक मार्गों की भी पूर्व से व्यवस्था कर ली जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यातायात और जनसुविधा बाधित न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0