अनुराग कश्यप पर भड़के ब्राह्मण समाज: रायपुर में FIR, आपत्तिजनक टिप्पणी से मचा बवाल

 0
अनुराग कश्यप पर भड़के ब्राह्मण समाज: रायपुर में FIR, आपत्तिजनक टिप्पणी से मचा बवाल

रायपुर, छत्तीसगढ़ मशहूर फ़िल्म निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इस बार मामला धार्मिक भावनाओं से जुड़ा है, जिसमें उनके खिलाफ रायपुर में एफआईआर दर्ज करवाने की मांग उठी है। आरोप है कि उन्होंने ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ एक सार्वजनिक मंच पर बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे समाज के लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं आहत हुईं हैं।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर अनुराग कश्यप का एक इंटरव्यू वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर ब्राह्मण समाज को लेकर ऐसे शब्द कहे, जिन्हें लेकर लोगों में गुस्सा भड़क उठा। इस वीडियो के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोगों ने रायपुर के सिटी कोतवाली थाने में पहुँचकर डायरेक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस को वह वीडियो क्लिप भी सौंपी, जिसमें कथित टिप्पणी की गई है। उनका कहना है कि अनुराग कश्यप की यह भाषा न केवल समाज के लिए अपमानजनक है, बल्कि यह देश की सांप्रदायिक एकता और सद्भावना को भी ठेस पहुँचाती है। समाज का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी समुदाय विशेष को नीचा दिखाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

शिकायतकर्ताओं ने अनुराग कश्यप की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे प्रदेशभर में व्यापक विरोध-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कलाकारों को सिनेमा के माध्यम से ज़हर घोलने की छूट नहीं दी जा सकती।

सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है और वीडियो की जाँच की जा रही है। फिलहाल मामला जाँच के अधीन है और सभी कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

इस पूरे विवाद पर अनुराग कश्यप की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। सोशल मीडिया पर हालांकि इस मुद्दे को लेकर बहस छिड़ चुकी है, जहाँ कुछ लोग अनुराग का समर्थन कर रहे हैं तो वहीं ज़्यादातर लोग उनके कथन की निंदा कर रहे हैं।

यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है और देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर क्या रुख अपनाता है और अनुराग कश्यप इस पर क्या सफाई देते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 2
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0