केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा : नक्सल समस्या पर करेंगे अहम बैठक, अबूझमाड़ के ग्रामीणों से भी होगा संवाद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा : नक्सल समस्या पर करेंगे अहम बैठक, अबूझमाड़ के ग्रामीणों से भी होगा संवाद
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 और 23 जून को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह नक्सल समस्या के स्थायी समाधान और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
22 जून को गृह मंत्री शाह, छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों के पुलिस महानिदेशक (DGP) और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे संयुक्त अभियान की समीक्षा की जाएगी। साथ ही पड़ोसी राज्यों को अलर्ट मोड में रखते हुए अपने-अपने सीमावर्ती इलाकों में फोर्स की तैनाती और मूवमेंट बढ़ाने के निर्देश दिए जाएंगे। बैठक के दौरान वामपंथी उग्रवाद (Left Wing Extremism) की मौजूदा स्थिति और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
23 जून को अबूझमाड़ के ग्रामीणों से संवाद
दौरे के दूसरे दिन 23 जून को गृह मंत्री अमित शाह अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। इसके जरिये सरकार ग्रामीणों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर उनकी अपेक्षाएं जानने का प्रयास करेगी। अबूझमाड़ इलाका लंबे समय से नक्सल प्रभावित रहा है और केंद्र सरकार यहां विकास व शांति बहाली के प्रयासों को लेकर गंभीर है।
नारायणपुर में जवानों से मुलाकात
इसके बाद गृह मंत्री नारायणपुर जिले के इरकभट्टी स्थित बीएसएफ कैंप पहुंचकर जवानों से मुलाकात करेंगे। वह सुरक्षा बलों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी लेंगे और उनकी समस्याएं भी सुनेंगे। साथ ही नक्सल मोर्चे पर डटे जवानों का हौसला बढ़ाएंगे।
नक्सल विरोधी रणनीति को मिलेगा नया तेवर
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इन दिनों राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों को तेज किया गया है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बैठक में वामपंथी उग्रवाद के खात्मे के लिए राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0