पहाड़ी कोरवा जनजाति के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जनमन आवास में आत्मीय स्वागत
पहाड़ी कोरवा जनजाति के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जनमन आवास में आत्मीय स्वागत
रायपुर/बलरामपुर-रामानुजगंज:सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज एक ऐतिहासिक और भावनात्मक यात्रा के दौरान बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सुदूरवर्ती आदिवासी ग्राम हरगवां ढोढरीकला का दौरा किया। यह गांव पहाड़ी कोरवा जनजाति का निवास है, जो प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत शामिल है। मुख्यमंत्री के इस दौरे ने न केवल शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत को उजागर किया, बल्कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान का भी जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।
सरई फूलों की माला और आत्मीय स्वागत से गूंजा गांव
मुख्यमंत्री के गांव में प्रवेश करते ही पहाड़ी कोरवा परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। श्री लहंगू पहाड़ी कोरवा और उनकी पत्नी दरसी ने मुख्यमंत्री को सरई फूलों की माला पहनाई और घर के आँगन में खाट पर बैठाकर आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने सहज भाव से उनके साथ बैठकर दिनचर्या, जीवनशैली और संस्कृति के बारे में जानकारी ली।
भेंट में छिंद की चटाई, रागी, कुटकी और कटहल
ग्रामवासियों की ओर से मुख्यमंत्री को विशेष आदिवासी उपहार भी भेंट किए गए। दरसी ने अपने हाथों से बनाई गई छिंद की चटाई के साथ-साथ रागी, कुटकी और कटहल भेंट स्वरूप दिया। मुख्यमंत्री ने इन्हें पूरे सम्मान और स्नेह के साथ स्वीकार किया, जिससे ग्रामीणों में खुशी और गर्व का भाव देखने को मिला।
पीएम जनमन योजना के तहत बने आवास की गुणवत्ता देखी
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत बने दो नवनिर्मित आवासों का निरीक्षण किया। श्री लहंगू के आवास का अवलोकन करते हुए उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और सुविधाओं की जानकारी ली। लहंगू ने बताया कि पहले वह कच्चे घर में रहते थे, जिससे बारिश और गर्मी में काफी दिक्कत होती थी। अब पक्के आवास में सुरक्षित और सुखद जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं।
स्थानीय व्यंजनों का किया स्वादिष्ट आनंद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री को सरई पत्तों से बने दोने-पत्तल में तेंदू, चार, लीची जैसे स्थानीय फल परोसे गए। साथ ही आम से बना पारंपरिक आम पना भी मुख्यमंत्री ने चाव से पिया। यह दृश्य मुख्यमंत्री की सरलता और जनजातीय जीवनशैली के प्रति जुड़ाव को दर्शाता है।
दूसरे हितग्राही के आवास का भी निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने श्रीमती भूखना पहाड़ी कोरवा के नवनिर्मित जनमन आवास का भी निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की यह यात्रा ना सिर्फ प्रशासनिक निगरानी का प्रतीक थी, बल्कि एक प्रेरक उदाहरण भी थी कि शासन और समाज के बीच आत्मीयता, सम्मान और सहभागिता से ही सुशासन की संकल्पना साकार होती है। जनजातीय समुदाय के साथ उनका यह मेल-जोल सरकार की संवेदनशीलता और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रमाण है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0