छत्तीसगढ़ के विकास को मिली नई रफ्तार: सीएम साय ने दिए अधिकारियों को लक्ष्य आधारित काम के निर्देश

 0
छत्तीसगढ़ के विकास को मिली नई रफ्तार: सीएम साय ने दिए अधिकारियों को लक्ष्य आधारित काम के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को धमतरी में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को 'विकसित छत्तीसगढ़' के रोडमैप पर तेज़ी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए तैयार किया गया विज़न डॉक्यूमेंट किसी नक्शे की तरह है, जिसमें लक्ष्य और दिशा-दोनों स्पष्ट हैं। इस रोडमैप को सिर्फ कागजों में नहीं, जमीन पर उतारना है।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने खरीफ फसल की तैयारियों, किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि आम लोगों को समय पर न्याय और सेवा मिलनी चाहिए, अन्यथा सरकारी कामकाज का कोई मतलब नहीं रह जाता।

फसल बीमा योजना में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय पहचान

सीएम साय ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण छत्तीसगढ़ को देशभर में दूसरा स्थान मिला है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों तक इस योजना की जानकारी पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि समय पर मुआवज़ा मिले।

राजस्व में देरी से नुकसान जनता को

राजस्व त्रुटियों को लेकर उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। कहा – “गलतियाँ अफसरों से होती हैं, लेकिन भुगतना जनता को पड़ता है।” उन्होंने डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने और तहसीलों में समयबद्ध कामकाज के लिए सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।

शिक्षा में दंतेवाड़ा मॉडल लागू करने की सलाह

मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की शिक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है, जिसके चलते दसवीं-बारहवीं के नतीजे शानदार रहे। उन्होंने रायपुर और धमतरी के अधिकारियों से भी इसी तरह की सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।

पर्यटन और जल जीवन मिशन पर फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नीति आयोग की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप रायपुर और धमतरी में पर्यटन की संभावनाओं को तलाशने की बात कही गई। साथ ही, जल जीवन मिशन, पीएम आवास योजना जैसे फ्लैगशिप कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने को कहा गया।

जन संवाद और सेवा निरंतर जारी रहे

सुशासन तिहार के समापन के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया किसी उत्सव तक सीमित न रहे। “देरी से मिला न्याय, न्याय नहीं होता” – इस बात को दोहराते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को जनता से अच्छे व्यवहार और जिम्मेदारीपूर्वक काम करने की सलाह दी।

कार्य नहीं तो इनाम नहीं, लापरवाही पर कार्रवाई तय

मुख्यमंत्री ने साफ किया कि अच्छे काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकार सम्मानित करेगी, लेकिन जो लापरवाही करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी जिलों का रिपोर्ट कार्ड उनके पास है और मॉनिटरिंग लगातार हो रही है।

बैठक में कई बड़े चेहरे रहे मौजूद

इस समीक्षा बैठक में वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, सांसद रूप कुमारी चौधरी, विधायक अजय चंद्राकर, ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, अपर मुख्य सचिव रेणु जी. पिल्ले, मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव बसव राजु एस. सहित रायपुर और धमतरी जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0