आधार केंद्रों पर UIDAI का शिकंजा कसता, संचालकों में उबाल – बोले: काम बंद करेंगे!
रायपुर। राज्य में आधार केंद्रों के खिलाफ UIDAI और छत्तीसगढ़ सूचना प्रौद्योगिकी प्रचार संस्था (ChiPS) की बड़ी कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है। प्रदेशभर के 1,346 केंद्र संचालकों पर करीब ढाई करोड़ रुपये का जुर्माना ठोंका गया है। आरोप है कि इन केंद्रों ने बीते एक साल में 24 हजार से अधिक ऐसे पंजीकरण किए जिनमें जरूरी दस्तावेज या उचित कारण नहीं दिए गए थे।
इस जुर्माने से आधार केंद्र संचालक बुरी तरह नाराज हैं। उनका कहना है कि उन्हें बिना उचित सुनवाई के दोषी ठहराया गया है और अब वे आंदोलन के मूड में हैं। संचालकों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने कार्रवाई वापस नहीं ली, तो वे राज्यभर में आधार सेवाएं बंद कर देंगे।
"बिना सुने सजा मिल रही है"
आधार केंद्र चलाने वाले कई संचालकों ने कहा कि UIDAI और ChiPS ने सीधे जुर्माना ठोक दिया, लेकिन यह नहीं देखा कि जिन मामलों में कागजात अधूरे थे, उनमें अक्सर तकनीकी गड़बड़ियां थीं या नागरिकों की गलती थी। एक संचालक ने कहा, "हमने तो सिर्फ वही किया जो हमें निर्देश दिए गए थे। लेकिन अब नुकसान हमें झेलना पड़ रहा है।"
आम लोग भी हो रहे परेशान
इस कार्रवाई का असर सिर्फ संचालकों तक सीमित नहीं रहा। हजारों नागरिकों के आधार अपडेट और नए पंजीकरण की प्रक्रिया अटक गई है। जिनके आवेदन खारिज किए गए, वे अब बार-बार केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। लोगों को समझ नहीं आ रहा कि गलती किसकी है।
अभी तो चेतावनी है, आगे ताला भी लग सकता है!
संचालकों की ओर से कहा गया है कि यह तो सिर्फ चेतावनी है, अगर जल्द कोई समाधान नहीं निकला तो वे अपने केंद्रों पर ताले लगाने को मजबूर होंगे। इससे प्रदेश में आधार से जुड़ी सभी सेवाएं ठप हो सकती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0