मुख्य सचिव पद पर फिलहाल अमिताभ जैन ही रहेंगे, कैबिनेट बैठक में सेवा विस्तार को मिली मंजूरी
मुख्य सचिव पद पर फिलहाल अमिताभ जैन ही रहेंगे, कैबिनेट बैठक में सेवा विस्तार को मिली मंजूरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन को फिलहाल पद पर बनाए रखने का फैसला किया है। सोमवार दोपहर हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इसके बाद केंद्र सरकार ने भी अमिताभ जैन को सेवा विस्तार देने के राज्य सरकार के फैसले पर अपनी सहमति दे दी है।
गौरतलब है कि सोमवार को ही मुख्य सचिव अमिताभ जैन के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया जाना था। इसी बीच अचानक आए इस फैसले ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी।
मुख्य सचिव पद की दौड़ में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के नाम चर्चा में थे। इनमें 1992 बैच के सुब्रत साहू, 1993 बैच के केंद्र प्रतिनियुक्त अमित अग्रवाल और 1994 बैच के मनोज पिंगुआ के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे थे। लेकिन दोपहर बाद हुई कैबिनेट बैठक के फैसले ने तमाम कयासों पर विराम लगा दिया।
अमिताभ जैन को मिला सेवा विस्तार
छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमिताभ जैन वर्ष 1989 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में वित्त, ऊर्जा, वाणिज्य एवं उद्योग, नगरीय प्रशासन जैसे कई अहम विभागों में जिम्मेदारी संभाली है। उनकी प्रशासनिक दक्षता और कार्यशैली को देखते हुए सरकार ने उन्हें फिलहाल मुख्य सचिव पद पर यथावत बनाए रखने का निर्णय लिया है।
राज्य सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक स्थिरता और आगामी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कैबिनेट बैठक में लिया गया निर्णय
सोमवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके बाद राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को अपनी सिफारिश भेजी, जिस पर केंद्र ने भी अपनी सहमति दे दी।
अधिकारियों और कर्मचारियों में मिली-जुली प्रतिक्रिया
सेवा विस्तार के इस निर्णय के बाद प्रशासनिक गलियारों में जहां एक ओर अमिताभ जैन के अनुभव और नेतृत्व क्षमता की सराहना हो रही है, वहीं मुख्य सचिव पद के अन्य दावेदारों के समर्थकों में निराशा भी देखी गई।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0