प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पर जाम से मिलेगी निजात, मुंगराबादशाहपुर और फूलपुर में बनेंगे बाईपास
प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पर जाम से मिलेगी निजात, मुंगराबादशाहपुर और फूलपुर में बनेंगे बाईपास
प्रयागराज। प्रयागराज से जौनपुर का सड़क मार्ग अब और सुगम होने वाला है। इस मार्ग पर लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुंगराबादशाहपुर और फूलपुर में नए बाईपास बनाए जाने की योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मुंगराबादशाहपुर में 4,500 मीटर लंबा बाईपास बनेगा
प्रयागराज सीमा पर स्थित मुंगराबादशाहपुर में कोदहूं से नौवादांडी तक 4,500 मीटर लंबे बाईपास का निर्माण किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अनुमान है कि एक माह में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस बाईपास के बन जाने से मुंगराबादशाहपुर कस्बे में रेलवे क्रॉसिंग और तंग सड़कों पर लगने वाले घंटों के जाम से छुटकारा मिलेगा। वर्षों से इस बाईपास की मांग की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
₹90 करोड़ की लागत, 18 माह में होगा निर्माण
इस बाईपास पर करीब ₹90 करोड़ की लागत आएगी और 18 माह में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए लगभग 800 काश्तकारों से 15 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इससे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले 20 से 25 हजार वाहन चालकों और नागरिकों को राहत मिलेगी।
एनएचएआई मैनेजर आयुष तिवारी ने बताया कि बाईपास का ठेका डीएमआर प्राइवेट लिमिटेड बिल्डर्स को मिला है और तय समयसीमा में काम पूरा करने का लक्ष्य है।
फूलपुर में भी बनेगा नया बाईपास
सड़क जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रयागराज के फूलपुर बाजार में भी बाईपास बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। एनएचएआई प्रयागराज शाखा ने बाईपास निर्माण के लिए सर्वे शुरू कर दिया है।
कुम्भ 2019 से पहले यहां 800 मीटर लंबा रेलवे ओवरब्रिज बनवाया गया था, लेकिन जाम की समस्या अब भी बनी हुई है। ऐसे में करीब 5 किलोमीटर लंबे नए बाईपास के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया की तैयारी चल रही है।
सर्वे तीन महीने में होगा पूरा
एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक अगले तीन महीनों में सर्वे कार्य पूरा कर इसकी रिपोर्ट सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजी जाएगी। इसके तहत यह तय किया जाएगा कि बाईपास को कहां से शुरू कर, किस बिंदु पर जौनपुर मार्ग में जोड़ा जाए और किसानों को कितना मुआवजा दिया जाए।
आयुष तिवारी, मैनेजर एनएचएआई प्रयागराज ने कहा कि “बहुत समय से फूलपुर में बाईपास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इसे बनाने का निर्णय लिया गया है और सर्वे कार्य तेजी से चल रहा है।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0