उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी 4.36 करोड़ की विकास सौगात, सड़क-पुलिया निर्माण का भूमिपूजन भगवताटोला से भैंसबोड तक बनेगी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी 4.36 करोड़ की विकास सौगात, सड़क-पुलिया निर्माण का भूमिपूजन
भगवताटोला से भैंसबोड तक बनेगी 2.40 किमी पक्की सड़क, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी
ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सुनी समस्याएं, 35 लाख रुपये से अधिक के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा
कबीरधाम, 21 मई 2026। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भगवताटोला से भैंसबोड मार्ग पर आवागमन अब और अधिक सुगम होने जा रहा है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम बबई में 4 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 2.40 किलोमीटर लंबी सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही मांग पूरी होने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।
इस सड़क निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं
अपने सहज और जनसरोकार वाले अंदाज में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनते नजर आए। उन्होंने विभिन्न मांगों पर त्वरित निर्णय लेते हुए 35 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले कई विकास कार्यों की घोषणा की।
घोषित प्रमुख विकास कार्यों में शामिल हैं—
महामाया मंदिर में कक्ष निर्माण के लिए 2 लाख रुपये
भगवताटोला में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये
सामुदायिक शौचालय निर्माण
समतलीकरण कार्य हेतु 2.50 लाख रुपये
बबई में मुरमीकरण कार्य के लिए 2 लाख रुपये
भैंसबोड में रंगमंच निर्माण हेतु 4 लाख रुपये
पचरी निर्माण के लिए 3 लाख रुपये
ग्राम नरोधी में मुरमीकरण कार्य हेतु 4 लाख रुपये
सिंगारपुर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये
ग्राम धनगांव में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पक्की सड़क निर्माण
मरार समाज के सामुदायिक भवन कक्ष निर्माण हेतु 5 लाख रुपये
महिला स्व-सहायता समूहों की मांग पर सोलर आटा चक्की स्थापना
गांवों के विकास को सरकार की प्राथमिकता
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, आवास, किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर तेजी से बदल रही है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में हर माह एक हजार रुपये की राशि जमा की जा रही है, जिससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है। वहीं सरकार ने गठन के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवासों की स्वीकृति देकर जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 27 किस्तों के माध्यम से प्रत्येक हितग्राही महिला के खाते में कुल 27 हजार रुपये की राशि पहुंच चुकी है। साथ ही अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
मोदी की गारंटी पूरी कर रही सरकार : ईश्वर साहू
साजा विधायक ईश्वर साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 4.36 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को छत्तीसगढ़ सरकार लगातार पूरा कर रही है।
उन्होंने बताया कि किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है, महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है तथा किसानों को बोनस राशि का एकमुश्त भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं और नई परियोजनाओं की सौगात भी दे रहे हैं।
विकास और जनसंपर्क का मिला संदेश
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद और विकास कार्यों की घोषणाओं ने यह स्पष्ट किया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दे रही है। भगवताटोला-भैंसबोड सड़क निर्माण परियोजना से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0