कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर नक्सल ऑपरेशन को लेकर सीएम साय सख्त, अफसरों संग बनाई आगे की रणनीति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन को लेकर मंगलवार को मंत्रालय स्थित अपने कार्यालय में गृह विभाग की उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और आगे की रणनीति पर वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षाबलों की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति बहाल करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि किसी भी चुनौती से निपटने के लिए ऑपरेशन को और प्रभावी बनाया जाए और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए।
बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और नक्सल ऑपरेशन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने कर्रेगुट्टा क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी को लेकर अहम इनपुट प्राप्त किए हैं, जिसके आधार पर आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा सकती है।
क्या बोले मुख्यमंत्री?
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “सरकार दृढ़ संकल्पित है कि छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाकर रहेगा। सुरक्षाबलों का मनोबल ऊंचा है और हमें उन पर पूरा भरोसा है। ऑपरेशन में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।”
ग्राउंड से मिली जानकारी
बताया जा रहा है कि बीते 48 घंटे से कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया है। ड्रोन और आधुनिक तकनीक की मदद से नक्सलियों की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0