23 साल की लुटेरी दुल्हन ने 7 महीने में रचाई 25 शादियाँ, जेवर और नकदी लेकर हो जाती थी फरार – भोपाल से हुई गिरफ्तारी
23 साल की लुटेरी दुल्हन ने 7 महीने में रचाई 25 शादियाँ, जेवर और नकदी लेकर हो जाती थी फरार – भोपाल से हुई गिरफ्तारी
भोपाल/राजस्थान – एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें मात्र 23 वर्ष की एक महिला ने 7 महीनों में 25 शादियाँ रचाई और हर बार अपने 'पति' के घर से जेवर और नगदी लेकर फरार हो गई। इस 'लुटेरी दुल्हन' का नाम अनुराधा पासवान है, जिसे राजस्थान पुलिस ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
ऐसे करती थी शिकार
अनुराधा और उसका गिरोह सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए संपर्क करते थे। शादी की तलाश कर रहे युवकों को वे फोटो भेजते और पसंद आने पर शादी तय कर दी जाती। शादी को कानूनी रूप देने के लिए कोर्ट मैरिज का इकरारनामा तैयार किया जाता ताकि पीड़ित परिवार को कोई शक न हो।
शादी के बाद कुछ ही दिनों में अनुराधा अपने 'ससुराल' से जेवरात, नकदी और कीमती सामान लेकर गायब हो जाती थी। ऐसा करते हुए उसने 25 से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बनाया।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा
राजस्थान पुलिस को इस गिरोह की सूचना मिलने पर उन्होंने एक विशेष योजना बनाई। एक पुलिसकर्मी को अविवाहित युवक के रूप में इस गिरोह से संपर्क कराया गया। जब डीलिंग पक्की हो गई और शादी की प्रक्रिया शुरू होने लगी, तभी पुलिस ने छोला मंदिर इलाके में छापा मारकर अनुराधा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह में कई सदस्य शामिल
पूछताछ में पता चला कि अनुराधा अकेले नहीं बल्कि पूरे नेटवर्क के साथ यह धोखाधड़ी कर रही थी। वह भोपाल के छोला क्षेत्र में 'गब्बर' नामक व्यक्ति की पत्नी बनकर रह रही थी। उसके इस गिरोह में रोशनी, रघुवीर, गोलू, मजबूत सिंह यादव (गांधी नगर), अर्जुन (मंडीदीप) और सुनीता जैसे लोग भी शामिल हैं, जो पूरे नेटवर्क को चला रहे थे।
7 महीनों से भोपाल में चला रही थी नेटवर्क
अनुराधा बीते 7 महीनों से भोपाल में रहकर इस ठगी का रैकेट चला रही थी। वह हर बार नई जगह और नए नाम से खुद को पेश करती थी ताकि पुलिस और पीड़ित उसे ट्रेस न कर सकें।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल राजस्थान पुलिस अनुराधा और उसके साथियों से गहन पूछताछ कर रही है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस को शक है कि यह गिरोह देश के अन्य राज्यों में भी सक्रिय हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0