रायपुर–अभनपुर–राजिम रेल खंड का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण
रायपुर–अभनपुर–राजिम रेल खंड का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण
रायपुर, 01 जुलाई 2025। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने 30 जून को रायपुर–अभनपुर–राजिम रेल खंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरएसडी यार्ड, अभनपुर स्टेशन और निर्माणाधीन राजिम स्टेशन का दौरा कर संरक्षा मानकों, कार्य प्रगति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को संरक्षा मापदंडों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि इस रेल खंड में कुछ माह पहले मंदिर हसौद से केन्द्री तक नई रेल लाइन का निर्माण और केन्द्री से अभनपुर तक गेज कनवर्ज़न का काम पूरा कर मेमू सेवा शुरू की जा चुकी है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएं मिलने लगी हैं।
वर्तमान में अभनपुर से राजिम के बीच गेज कनवर्ज़न का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि अभनपुर से धमतरी के बीच यह कार्य तेजी से प्रगति पर है। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों जैसे राजिम और धमतरी को ब्रॉड गेज नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। इससे इन क्षेत्रों की सीधी रेल कनेक्टिविटी बड़े शहरों से स्थापित होगी, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के विकल्प मिलेंगे।
साथ ही, क्षेत्रीय व्यापार, कृषि, तीर्थाटन और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा पहुंचेगा।
निरीक्षण के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, मंडल रेल प्रबंधक रायपुर और रायपुर मंडल के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0