दीपक बैज का तीखा हमला — “पूरी सरकार मैनपाट में पिकनिक मना रही, किसान और जनता परेशान”
दीपक बैज का तीखा हमला — “पूरी सरकार मैनपाट में पिकनिक मना रही, किसान और जनता परेशान”
रायपुर, 09 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तीन दिन के तथाकथित प्रशिक्षण सत्र की आड़ में पूरी सरकार मैनपाट में पिकनिक मना कर लौट आई, जबकि प्रदेश की जनता बारिश, जलभराव, खराब धान और खातू की किल्लत से बेहाल है।
भ्रष्टाचार पर खुद भाजपा अध्यक्ष ने दी नसीहत
दीपक बैज ने कहा कि इस तीन दिन के प्रशिक्षण शिविर में डेढ़ साल के भ्रष्टाचार का मंथन हुआ। खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं को अपनी ही सरकार को भ्रष्टाचार पर नसीहत देनी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सरगुजा संभाग में सरकार ने पिकनिक का अड्डा बनाया, उसी इलाके में अडानी के लिए जंगल कटाई हो रही है, मगर चिंतन शिविर में इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा तक नहीं हुई।
किसान खाद के लिए परेशान, सरकार मस्ती में
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। किसान खरीफ सीजन की तैयारी में जुटे हैं, मगर अब तक सोसायटियों में खातू और उर्वरक नहीं पहुंचा है। किसानों को खाद नहीं मिलने से उनकी फसल बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर खाद की किल्लत पैदा कर रही है ताकि उत्पादन घटे और समर्थन मूल्य पर कम धान खरीदना पड़े।
30 लाख मीट्रिक टन धान भीग कर बर्बाद
दीपक बैज ने सरकार की लापरवाही उजागर करते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न संग्रहण केंद्रों में करीब 30 लाख मीट्रिक टन धान खुले में पड़ा है, जो मानसूनी बारिश में भीग चुका है। उन्होंने कहा कि यह धान जनता की गाढ़ी कमाई से खरीदा गया था, जिसे सरकार बचाने में पूरी तरह नाकाम रही है।
बस्तियों में पानी भरा, राहत कार्य नदारद
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले चार दिनों से हो रही भारी बारिश से कई शहरों की निचली बस्तियां जलमग्न हैं। हजारों लोग परेशान हैं और सरकार मैनपाट में मौज मस्ती कर रही थी। उन्होंने मांग की कि तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों में शिफ्ट किया जाए।
शिक्षा व्यवस्था बेहाल, किताबें तक नहीं मिलीं
दीपक बैज ने शिक्षा व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि युक्तियुक्तकरण के नाम पर स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी हो गई है। एक-एक शिक्षक को 5-5 कक्षाएं पढ़ानी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा सत्र शुरू हुए एक महीना हो गया, लेकिन अब तक बच्चों को किताबें नहीं मिलीं। यह बेहद दुर्भाग्यजनक है कि शिक्षा विभाग खुद मुख्यमंत्री के पास है और फिर भी इतनी अव्यवस्था है।
कांग्रेस का सवाल
क्या डबल इंजन की सरकार सिर्फ पिकनिक और चिंतन शिविर के लिए बनी है, या जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी कोई योजना है?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0