छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और फिल्म उद्योग को लेकर मुख्यमंत्री साय और सांसद मनोज तिवारी के बीच हुई खास चर्चा

 0
छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और फिल्म उद्योग को लेकर मुख्यमंत्री साय और सांसद मनोज तिवारी के बीच हुई खास चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोककला और तेजी से विकसित हो रहे फिल्म उद्योग जैसे विषयों पर दोनों नेताओं के बीच गहन चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने सांसद तिवारी का आत्मीय स्वागत पारंपरिक शाल ओढ़ाकर और छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध बेलमेटल कला से बनी नंदी की प्रतिमा भेंट कर किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य में लोककला और फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में फिल्म सिटी की स्थापना की दिशा में भी ठोस कार्य किए जा रहे हैं, ताकि राज्य के कलाकारों और फिल्मकारों को एक सशक्त मंच मिल सके।

सांसद मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री साय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और लोकधरोहरें देशभर में एक अलग पहचान बना रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा लोकसंस्कृति के संरक्षण और फिल्म उद्योग के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए भरोसा जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के सांस्कृतिक मानचित्र पर और अधिक चमकेगा।

दोनों नेताओं के बीच हुई यह सौहार्द्रपूर्ण भेंट छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के साझा संकल्प का प्रतीक बन गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0