सरकारी गाड़ी बनी स्टंट का मंच: DSP की नीली बत्ती वाली कार पर युवक ने मनाया बर्थडे, हाईकोर्ट ने पूछा- क्या कार्रवाई हुई?
छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाला एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नीली बत्ती लगी DSP स्तर की सरकारी गाड़ी पर एक युवक बर्थडे मनाते और बोनट पर बैठकर स्टंट करते हुए दिख रहा है। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी और मामला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तक पहुंच गया। इस पर अब राज्य के चीफ जस्टिस ने कड़ा संज्ञान लिया है।
यह वीडियो जब अदालत की नजर में आया तो मुख्य न्यायाधीश आरके अग्रवाल और न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडे की खंडपीठ ने गहरी नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार से पूछा कि इस मामले में क्या कार्रवाई की गई है। कोर्ट ने राज्य के मुख्य सचिव (Chief Secretary) को व्यक्तिगत रूप से एक सप्ताह के भीतर शपथपत्र (affidavit) दाखिल करने का निर्देश दिया है, जिसमें स्पष्ट रूप से बताया जाए कि वीडियो में दिख रही सरकारी गाड़ी और स्टंट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ क्या कदम उठाए गए।
वीडियो में जिस तरह से फिल्मी गानों के बीच DSP की गाड़ी को निजी इस्तेमाल में लाया गया, वह न केवल पद और शक्ति के दुरुपयोग का उदाहरण है, बल्कि यह कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। अदालत ने इस पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि कानून की रक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाले संसाधन इस प्रकार से मनोरंजन और दिखावे के लिए इस्तेमाल होंगे, तो आम जनता का भरोसा प्रशासनिक व्यवस्था से उठ जाएगा।
कोर्ट ने अपने आदेश में साफ किया कि यदि शपथपत्र में दी गई जानकारी संतोषजनक नहीं पाई गई, तो अदालत स्वयं इस मामले की निगरानी करेगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर विचार करेगी
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0