मोबाइल पर चल रही थी सट्टेबाज़ी की गूगली, पुलिस ने पकड़ लिए तीन खिलाड़ी"
आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे तीन सटोरियों को रायपुर पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गुढ़ियारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। आरोपियों के कब्जे से तीन कीमती मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देशन में शहर में जुआ और सट्टा पर सख्ती से अंकुश लगाने की कार्ययोजना के तहत यह कार्रवाई की गई। इसी क्रम में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को 16 अप्रैल की रात सूचना मिली कि गुढ़ियारी क्षेत्र के महतारी चौक के पास कुछ युवक मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल और खिला रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर तीन युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम जगमोहन साहू (20), गोपीचंद गुप्ता (18 वर्ष 8 माह), और साईंराम साहू (18 वर्ष 4 माह) बताया, तीनों गुढ़ियारी के ही निवासी हैं। जांच में सामने आया कि वे आईपीएल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे।
पुलिस ने उनके पास से सट्टा संचालन में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹1.25 लाख बताई जा रही है। तीनों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 214/25 के तहत धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. जगमोहन साहू, पिता अशोक साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी गोकुल नगर, गली नंबर 05, रामनगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
2. गोपीचंद गुप्ता, पिता यतेन्द्र गुप्ता, उम्र 18 वर्ष 8 माह, निवासी गोकुल नगर, गली नंबर 02, रामनगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
3. साईंराम साहू, पिता नीलकंठ साहू, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी गोकुल नगर, गली नंबर 02, रामनगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में एंटी क्राइम साइबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय, प्रधान आरक्षक रविकांत पांडेय, खिलेश्वर राजपूत, आरक्षक महेंद्र पाल साहू, कलेश्वर कश्यप एवं थाना गुढ़ियारी से उपनिरीक्षक कैलाश केशरवानी तथा सउनि हेमकुमार ठाकुर की प्रमुख भूमिका रही।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सट्टा और जुए के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0