कांकेर में पुल से टकराई कार, आग लगने से चार युवकों की दर्दनाक मौत

कांकेर में पुल से टकराई कार, आग लगने से 4 युवकों की मौत, 2 घायल।
 0
कांकेर में पुल से टकराई कार, आग लगने से चार युवकों की दर्दनाक मौत

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसमें चार युवकों की जलकर मौत हो गई। यह घटना कांकेर के आतुरगांव इलाके में 18 जुलाई की रात एक बजे के करीब राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर हुई, जब एक तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग से टकरा गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। कार में कुल छह युवक सवार थे, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

हादसे का कारण पुल निर्माण के चलते बनाए गए डायवर्ट मार्ग को बताया जा रहा है। बताया गया है कि आतुरगांव के पास पुल निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके चलते मुख्य सड़क को अस्थायी रूप से मोड़ा गया था। इसी मार्ग पर तेज रफ्तार में चल रही कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिससे उसमें सवार चार युवक बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार बहुत तेज थी और आग इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग चाहकर भी कुछ नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार युवकों के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसे जांच में शामिल किया गया है। दुर्घटना के बाद प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0