करमरी में फिर बहा सोलर पंप से जल, ग्रामीणों की मुस्कान लौटी — सुशासन तिहार में शिकायत का त्वरित समाधान

 0
करमरी में फिर बहा सोलर पंप से जल, ग्रामीणों की मुस्कान लौटी — सुशासन तिहार में शिकायत का त्वरित समाधान

प्रदेश में सुशासन तिहार-2025 के तहत जनसमस्याओं का तेज़ी से निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में बस्तर जिले के ग्राम करमरी (भाटागुड़ा पारा) में खराब पड़ा सोलर ड्यूल पंप फिर से चालू कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी गई है।

ग्राम निवासी गणेश राम ने सुशासन तिहार के दौरान यह शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव में क्रेडा विभाग द्वारा लगाया गया सोलर ड्यूल पंप कई दिनों से बंद पड़ा है, जिससे पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) की टीम ने 21 अप्रैल को टेक्नीशियन भेजा और पंप की तकनीकी खामी को ठीक कर दिया।

मरम्मत के बाद पंप फिर से सुचारू रूप से काम करने लगा है और ग्रामीणों को अब स्वच्छ पेयजल सहजता से उपलब्ध हो रहा है। ग्रामीणों ने सरकार और क्रेडा विभाग का आभार जताया और कहा कि अब उन्हें पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता।

क्रेडा के सहायक अभियंता  सिदार ने जानकारी दी कि बस्तर जिले में अब तक 1,043 सोलर ड्यूल पंप और जल जीवन मिशन के तहत 777 पंप लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि सभी मरम्मत योग्य संयंत्रों की नियमित जांच की जा रही है ताकि जल आपूर्ति बाधित न हो।

मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रहा सुशासन तिहार-2025 यह साबित कर रहा है कि सरकार आमजन की बुनियादी जरूरतों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और तत्पर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0