एक राष्ट्र एक चुनाव: रायपुर पश्चिम में गूंजा एक सुर, विशेषज्ञों ने गिनाए फायदे, रखी मजबूती से मांग
राष्ट्रीय विचार मंच द्वारा रायपुर पश्चिम विधानसभा में “एक राष्ट्र एक चुनाव” विषय पर आयोजित विचार संगोष्ठी में देश में चुनाव सुधार की दिशा में क्रांतिकारी कदम की जोरदार वकालत की गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित विधि विशेषज्ञ अधिवक्ता भूपेंद्र करवंडे मौजूद रहे।
संगोष्ठी की शुरुआत दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम गान से हुई, जिसके बाद वक्ताओं ने मंच से एक स्वर में कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव न केवल समय और संसाधनों की बचत करेगा बल्कि इससे देश की विकास योजनाओं को रफ्तार मिलेगी।
“हर साल चुनाव राष्ट्र की ऊर्जा खा जाता है” - राजेश मूणत
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर देशभर में चुनाव सुधार को लेकर जो जागरूकता लाई जा रही है, वह ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष अलग-अलग स्तरों पर होने वाले चुनावों से प्रशासनिक मशीनरी, धन और समय का अपव्यय होता है, जिससे राष्ट्र निर्माण प्रभावित होता है। उन्होंने सीएम विष्णुदेव साय की तारीफ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ करवाकर इस दिशा में पहल की गई है
“एक राष्ट्र एक चुनाव भारत को देगा स्थिरता और बचत” – संतोष पाण्डेय
सांसद संतोष पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि चुनावों का एक साथ होना न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी होगा, बल्कि इससे नीतिगत निर्णयों में स्थिरता भी आएगी। उन्होंने कहा, “भारत माता की सेवा और आतंकवाद से लड़ने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं, ऐसे में चुनाव सुधार भी एक जरूरी हथियार है।”
उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव सिर्फ एक विचार नहीं बल्कि लोकतंत्र के लिए आवश्यक सुधार है। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने बीते वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, तीन तलाक, जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर साहसिक फैसले लिए हैं, अब समय है कि एक चुनाव की ओर निर्णायक कदम बढ़ाया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0