मां-बेटे ने वायुसेना की हवाई पट्टी बेच दी, हाईकोर्ट के आदेश पर केस दर्ज 28 साल बाद खुला बड़ा मामला
28 साल बाद खुला बड़ा मामला: मां-बेटे ने वायुसेना की हवाई पट्टी बेच दी, हाईकोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
फिरोजपुर (पंजाब)। पंजाब के फिरोजपुर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पाकिस्तान सीमा से सटे पट्टुवाला गांव में बनी भारतीय वायुसेना की पुरानी हवाई पट्टी को कथित तौर पर एक महिला और उसके बेटे ने बेच दिया। इस मामले का खुलासा करीब 28 साल बाद हुआ है और अब हाईकोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
युद्धकाल में रणनीतिक महत्व की थी यह हवाई पट्टी
जानकारी के मुताबिक, करीब 15 एकड़ में बनी यह हवाई पट्टी भारतीय वायुसेना ने 1962, 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान इस्तेमाल की थी। सीमा के बेहद करीब होने की वजह से इसका रणनीतिक महत्व था।
1997 में बेची गई हवाई पट्टी की जमीन
आरोप है कि पट्टुवाला गांव निवासी उषा अंसल और उसके बेटे नवीन चंद अंसल ने वर्ष 1997 में इस हवाई पट्टी की जमीन को 5 अन्य लोगों को बेच दिया। जबकि यह जमीन भारतीय वायुसेना और सेना के कब्जे में थी।
रिटायर्ड कानूनगो ने उठाया मामला, हाईकोर्ट सख्त
इस मामले को लेकर फिरोजपुर के रिटायर्ड कानूनगो निशांत सिंह ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याचिका में बताया गया कि हवाई पट्टी वाली जमीन सरकारी है और इस पर आर्मी और वायुसेना का कब्जा है। बावजूद इसके उषा अंसल और उनके बेटे ने जालसाजी कर जमीन का सौदा कर दिया।
पुलिस ने किया केस दर्ज, जांच शुरू
हाईकोर्ट के निर्देश पर फिरोजपुर पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही, डीएसपी फिरोजपुर को मामले की जांच कर अन्य संभावित आरोपियों की भी पहचान करने के आदेश दिए गए हैं।
28 साल बाद मामला दर्ज, प्रशासन में हड़कंप
28 साल बाद इस धोखाधड़ी के मामले के खुलासे ने प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। अब सवाल यह भी उठ रहे हैं कि इतनी अहम जमीन के अवैध सौदे की भनक इतने वर्षों तक किसी को कैसे नहीं लगी।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0