बस्तर की शांति और विकास पर चमकी ‘मन की बात’, उप मुख्यमंत्री साव बोले- गर्व का क्षण
रविवार को रायपुर स्थित निवास कार्यालय में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेशभर से आए शासकीय अधिवक्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 121वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम के बाद श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दंतेवाड़ा जिले में स्थापित साइंस सेंटर की तारीफ कर पूरे छत्तीसगढ़ को गर्व का अवसर दिया है। प्रधानमंत्री ने इसे "उम्मीदों की नई किरण" बताया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की शांति और विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद से बस्तर में नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति लौट रही है और विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है। बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम और दंतेवाड़ा साइंस सेंटर जैसे आयोजनों और परियोजनाओं की राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है।
साव ने केंद्र और राज्य सरकार के नक्सल उन्मूलन अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इसका सकारात्मक असर अब साफ तौर पर बस्तर में दिख रहा है।
‘मन की बात’ के इस संस्करण को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कड़ी भी हमेशा की तरह प्रेरणादायी रही। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के जरिये 5 जून को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ पर 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का आह्वान किया है, जो निश्चित रूप से लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचार, सामाजिक पहल और सकारात्मक परिवर्तन जनता तक पहुंचते हैं। इससे लोग न सिर्फ जागरूक होते हैं बल्कि खुद भी रचनात्मक विकास में भागीदारी के लिए प्रेरित होते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0