143 करोड़ से बदलेगा कोरबा का नक्शा: गांव-शहर जोड़ने 22 नई सड़कों की मंजूरी
खनिजों से समृद्ध कोरबा जिले में अब खनिज की कमाई सीधे जनता के लिए सुविधाओं में तब्दील हो रही है। जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि से जिले के दूरदराज गांवों से लेकर नगरों तक सड़कें बनाई जाएंगी, जिससे आवागमन के साथ-साथ विकास की रफ्तार भी तेज होगी।
कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में DMF मद से 143 करोड़ रुपए की लागत से 22 सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई। यह निर्णय सुशासन तिहार में जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से मिली मांगों को ध्यान में रखते हुए लिया गया।
इन सड़कों में झगरहा-कोरकोमा-चचिया (29 किमी), ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक दो लेन सीसी रोड (2.84 किमी), रामपुर से सिरली पहुंच मार्ग (8 किमी), चैतुरगढ़ पर्यटन स्थल रोड (6.6 किमी), और घिनारा से खुंटाकुड़ा मार्ग (4.525 किमी) जैसी बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले मार्गों को भी उन्नत किया जाएगा।
कलेक्टर वसंत ने कहा कि ये सड़कें न सिर्फ संपर्क बढ़ाएंगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगी। DMF का उद्देश्य है खनन प्रभावित क्षेत्रों में जीवनस्तर सुधारना, और यह निर्णय उसी दिशा में ठोस कदम है।
इन सड़कों के धरातल पर उतरने के साथ ही कोरबा का भौगोलिक परिदृश्य भी बदलेगा और लोगों को विकास की नई सौगात मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0