दीपक टंडन के हर राज में कल्पना वर्मा का कनेक्शन? एक का मोबाइल जब्त, दूसरे पर मेहरबानी क्यों! पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

Kalpana Verma’s story is incomplete without Deepak Tandon! Many secrets could be uncovered from the mobile phone found in the ‘Deepak-Kalpana files,’ while questions are also being raised regarding the role of the police.
 0
दीपक टंडन के हर राज में कल्पना वर्मा का कनेक्शन? एक का मोबाइल जब्त, दूसरे पर मेहरबानी क्यों! पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

दीपक टंडन की कहानी डीएसपी  कल्पना वर्मा के बिना  अधूरी! दीपक कल्पना फाइल्स में मोबाइल से खुल सकते हैं कई राज, पुलिस की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कारोबारी दीपक टंडन का मामला इन दिनों सुर्खियों में है, लेकिन माना जाए तो दीपक टंडन की कहानी कल्पना वर्मा के बगैर अधूरी है। क्योंकि दीपक टंडन के कारोबारी बनने की कहानी कल्पना वर्मा से ही शुरू होती है। साल 2021 में कल्पना वर्मा और दीपक टंडन की मुलाकात हुई। उस वक्त प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और कल्पना वर्मा को पावरफुल अधिकारियों में गिना जाता था।

कल्पना वर्मा का रसूख इतना था कि वह ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े मामलों में आईएएस, आईपीएस, डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी से लेकर मंत्रालय के लोगों के संपर्क में थीं। ऐसे में कल्पना वर्मा को एक ऐसे मोहरे की जरूरत थी, जो उनके लिए काम कर सके। इसी दौरान दोनों एटमॉस्फियर होटल को लेकर बिजनेस पार्टनर बने। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पैसों का लेनदेन शुरू हुआ।

सरकारी पद पर कल्पना, पैसों के लेनदेन में दीपक की भूमिका?

कल्पना वर्मा सरकारी पद पर थीं और उनका रसूख भी था। ऐसे में वह किसी से सीधे पैसा नहीं ले सकती थीं। आरोपों और चर्चाओं के मुताबिक, कल्पना वर्मा के पास जो भी व्यक्ति अपना काम कराने के लिए पहुंचता था, उसे दीपक टंडन के पास भेज दिया जाता था। कहा जाता था कि दीपक टंडन की हाउस में अच्छी पकड़ है और वह उनका काम करा सकता है।

इसके बाद लोग दीपक टंडन से मुलाकात करते थे और अपना काम कराने की कोशिश में पैसे उसके पास छोड़ देते थे। आरोप है कि इसके बाद वही पैसा कल्पना वर्मा तक पहुंचता था और वह अपना हिस्सा निकालकर आगे पैसा फॉरवर्ड कर देती थीं। इस तरह कुछ लोगों के काम हुए तो कुछ लोगों के काम नहीं भी हुए।

कहा जाता है कि साल 2021 से 2024 तक, शुरुआती दौर में बीजेपी की सरकार आने के बाद भी दोनों के बीच पैसों का लेनदेन जारी रहा। लेकिन पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच आपसी रंजिश शुरू हो गई। इस दौरान दोनों एक-दूसरे के काफी नजदीक आ चुके थे, लेकिन कहते हैं ना कि पैसा भाई-भाई से भी बैर कर देता है। ऐसा ही कुछ दीपक टंडन और कल्पना वर्मा के बीच हुआ। दोनों की आपस में नहीं बनी और पैसों के लेनदेन को लेकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। इसी के बाद भाजपा सरकार के वक्त कल्पना वर्मा को सस्पेंड किया गया। कल्पना वर्मा अभी भी सस्पेंड हैं।

दीपक टंडन का मोबाइल जब्त, अब कल्पना वर्मा के मोबाइल पर सवाल

अब दीपक टंडन के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब कल्पना वर्मा पद पर थीं, उस वक्त किन-किन लोगों से मुलाकात करती थीं? दीपक टंडन को कहां-कहां लेकर जाती थीं? माना जा रहा है कि जिस तरह दीपक टंडन का मोबाइल जब्त हुआ है, उसमें कई राज खुल सकते हैं।

ऐसे में अगर कल्पना वर्मा का भी मोबाइल जब्त होता है और उनसे पूछताछ की जाती है, तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। इसीलिए कहा जा रहा है कि दीपक टंडन की सुर्खियों में चल रही कहानी कल्पना वर्मा के बिना अधूरी है।

दीपक कल्पना फाइल्स में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल

दीपक कल्पना फाइल्स में अगर पुलिस की भूमिका की बात की जाए तो लगातार पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। पहले कल्पना वर्मा को सस्पेंड किया गया, लेकिन सस्पेंशन के 9 महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक उन्हें आरोप पत्र नहीं दिया गया है। आरोप है कि कल्पना वर्मा अपनी सुविधा के हिसाब से मुख्यालय आती-जाती रही हैं।

सूत्रों की मानें तो कुछ बड़े रसूखदार अधिकारी डीएसपी कल्पना वर्मा की मदद कर रहे हैं। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि आखिर कल्पना वर्मा का मोबाइल अब तक जब्त क्यों नहीं किया गया? अगर उनका मोबाइल जब्त होता है तो साल 2021 से 2025 तक दीपक और कल्पना ने मिलकर क्या-क्या कहानी रची, इसके कई राज सामने आ सकते हैं।

कांग्रेस सरकार के दौरान कल्पना वर्मा का रसूख कितना था, इसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि उस दौरान दीपक टंडन को कोई हाथ तक नहीं लगा सकता था। आरोपों में यह भी कहा जा रहा है कि दोनों ने मिलकर ट्रांसफर-पोस्टिंग, कोल लेवी और शराब के कारोबार से जुड़े मामलों में जमकर पैसा कमाया।

वहीं, अब 8 दिनों में दीपक टंडन के खिलाफ आठ एफआईआर दर्ज होना भी कई सवाल खड़े कर रहा है। अगर दीपक टंडन आरोपी है और उसके खिलाफ अपराध साबित होता है तो ऐसे शख्स को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। लेकिन सवाल यह भी है कि क्या कल्पना वर्मा की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो रही है?

होटल सौदे में नया सवाल: चेक वेलकम श्री होटल के नाम से क्यों?

दीपक टंडन के मोबाइल से कल्पना वर्मा से जुड़े कई सबूत मिलने की बात सामने आ रही है, लेकिन अभी तक कल्पना वर्मा का मोबाइल जब्त नहीं हुआ है और न ही उनसे पूछताछ हुई है।

माना जा रहा है कि जिस शराब कारोबारी ने एटमॉस्फियर होटल को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है, उस होटल का सौदा साल 2025 में बताया जा रहा है। उस वक्त एटमॉस्फियर होटल कल्पना वर्मा का भाई ही चला रहा था। ऐसे में सवाल उठता है कि जब एटमॉस्फियर होटल का सौदा होना था तो चेक वेलकम श्री होटल के नाम से क्यों दिया गया?

कोई भी चीज खरीदने या लेने से पहले उसके दस्तावेजों की जांच की जाती है। ऐसे में इतनी बड़ी रकम देने से पहले क्या दस्तावेजों की जांच नहीं हुई? या फिर यह ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़ा पैसा था, जिसे अब नया रूप दिया जा रहा है? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकता है।

सरिता बाजपेई और दीपक टंडन के होटल विवाद में अचानक एफआईआर क्यों?

एक और कहानी एटमॉस्फियर होटल के विवाद से जुड़ी है। बताया जाता है कि जब होटल विवाद में सरिता बाजपेई और दीपक टंडन के बीच रेंट एग्रीमेंट था, वह खत्म होने की कगार पर था। माना जा रहा है कि दीपक टंडन ने कई महीनों से किराया नहीं दिया था।

इस मामले में सरिता बाजपेई और दीपक टंडन, दोनों की तरफ से तेलीबांधा थाने में शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर 155 की फेना कार्रवाई की गई थी। ऐसे में सवाल उठता है कि इस मामले में अचानक एफआईआर दर्ज होना क्या बताता है? क्या इसके पीछे कोई नई कहानी है? क्या इस पूरे घटनाक्रम में कल्पना वर्मा की कोई भूमिका है? इन तमाम पहलुओं की जांच जरूरी है।

दीपक टंडन, बरखा टंडन और कल्पना वर्मा को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जरूरत

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दीपक टंडन के खिलाफ लगातार सामने आ रहे मामलों में कल्पना वर्मा की भूमिका की जांच कब होगी? दीपक टंडन का मोबाइल जब्त हो चुका है, लेकिन कल्पना वर्मा का मोबाइल अब तक जब्त नहीं हुआ है। उनसे पूछताछ भी नहीं हुई है।

ऐसे में अगर दीपक टंडन, बरखा टंडन और कल्पना वर्मा को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाए तो माना जा रहा है कि कई बड़े राज खुल सकते हैं। साल 2021 से लेकर 2025 तक के पूरे घटनाक्रम, पैसों के लेनदेन, मुलाकातों और होटल से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच होने पर ही सच्चाई सामने आ सकती है।

सवाल यही है कि क्या पुलिस दीपक टंडन के साथ-साथ कल्पना वर्मा की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच करेगी? क्या कल्पना वर्मा का मोबाइल जब्त होगा? और क्या दीपक कल्पना फाइल्स के पीछे छिपे राज कभी सामने आएंगे?

नोट -सस्पेंड डीएसपी कल्पना वर्मा और ब्लैक मेलर दीपक टंडन जुड़े कई  खुलासे आगे और...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0