इतिहास रचने जा रहा जशपुर: पहली बार रेल मानचित्र पर होगा शामिल, धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल लाइन को मिली केंद्र की मंजूरी

Jashpur set to make history: To appear on the rail map for the first time; Dharamjaigarh–Pathalgaon–Lohardaga rail line receives Centre's approval.
 0
इतिहास रचने जा रहा जशपुर: पहली बार रेल मानचित्र पर होगा शामिल, धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल लाइन को मिली केंद्र की मंजूरी

इतिहास रचने जा रहा जशपुर: पहली बार रेल मानचित्र पर होगा शामिल, धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल लाइन को मिली केंद्र की मंजूरी

रायपुर, 13 जून 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित कर दिया है। इसके साथ ही जशपुर जिले को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। यह परियोजना न केवल परिवहन सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास की नई इबारत भी लिखेगी।

करीब 291.881 किलोमीटर लंबी यह रेल लाइन रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर जिले के पत्थलगांव होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक पहुंचेगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद जशपुर सीधे राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी।

मोदी सरकार की आधारभूत संरचना नीति का बड़ा परिणाम

यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकसित की जा रही आधुनिक आधारभूत संरचना और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के लगातार प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। वर्षों से क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई जा रही रेल संपर्क की मांग अब धरातल पर उतरने जा रही है।

रेल मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, रेल अधिनियम 1989 के तहत सार्वजनिक हित और राष्ट्रीय अवसंरचना विकास को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को अधिसूचित किया गया है। राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही यह अधिसूचना प्रभावशील हो गई है।

वनांचल क्षेत्र को मिलेगा विकास का नया रास्ता

प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर जशपुर जिला अब तक रेल संपर्क से वंचित था। सड़क परिवहन पर निर्भरता के कारण आम लोगों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और रोजगार की तलाश में बाहर जाने वाले युवाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

नई रेल लाइन के निर्माण से लोगों को सुरक्षित, सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिलेगा।

किसानों और व्यापारियों के लिए खुलेंगे नए अवसर

रेल संपर्क स्थापित होने के बाद जशपुर के कृषि और उद्यानिकी उत्पादों को देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। जैविक खेती, सुगंधित धान, मक्का, दलहन, सब्जियों और बागवानी उत्पादों के लिए प्रसिद्ध इस क्षेत्र के किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी।

परिवहन लागत कम होने से स्थानीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी, वहीं व्यापार और लघु उद्योगों को विस्तार का नया अवसर मिलेगा।

पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

जशपुर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपातों, धार्मिक स्थलों और घने वन क्षेत्रों के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। रेल संपर्क मिलने के बाद पर्यटकों की पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों में तेजी आएगी।

इसके परिणामस्वरूप होटल व्यवसाय, परिवहन सेवाएं, हस्तशिल्प उद्योग और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक बढ़ेगी पहुंच

नई रेल लाइन विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों तक पहुंच आसान बनाएगी। वहीं गंभीर मरीजों को बड़े शहरों के अस्पतालों तक तेजी से पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। इससे शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।

रोजगार और निवेश का नया केंद्र बनेगा जशपुर

परियोजना के निर्माण और संचालन के दौरान हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होंगे। बेहतर परिवहन सुविधा मिलने से क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में जशपुर को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

दशकों का इंतजार हुआ खत्म

रेल परियोजना की अधिसूचना जारी होने के बाद जशपुर सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रेल लाइन केवल एक परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास, समृद्धि और रोजगार के नए अवसरों का द्वार है।

जशपुर का पहली बार रेल मानचित्र पर शामिल होना जिले के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है। धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल परियोजना आने वाले समय में जिले की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली आधारभूत संरचना साबित हो सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0