रायपुर में 2 किलो डोडा के साथ पंजाब का अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, सरस्वती नगर पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर में 2 किलो डोडा के साथ पंजाब का अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, सरस्वती नगर पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर। 2 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ पुलिस की नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटा मैदान पास एक अंतर्राज्यीय डोडा तस्कर को 2.008 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान जर्मन सिंग पिता सुखचैन सिंग (उम्र 20 वर्ष), निवासी पडासौर, तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी रायपुर में हीरापुर गुरुद्वारा तालाब के पास, कबीर नगर क्षेत्र में निवासरत था।
सूचना पर टीम ने दी दबिश
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरस्वती नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा बेचने की फिराक में है। इस पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सरस्वती नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कोटा मैदान के पास दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा।
तलाशी में आरोपी के बैग से लगभग 2.008 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया। साथ ही, उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया जिसकी कीमत लगभग 25,000 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में खुला बड़ा नेटवर्क
पूछताछ में जर्मन सिंग ने खुलासा किया कि उसने यह डोडा ओम प्रकाश शर्मा उर्फ पप्पू निवासी झालावाड़, राजस्थान से खरीदा था। बता दें कि पुलिस ने ओम प्रकाश शर्मा को भी पहले ही 30 जून 2025 को आमानाका थाना क्षेत्र में डोडा और करीब 4.5 लाख रुपये की मशरूका के साथ गिरफ्तार कर लिया था।
फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज पर काम जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश और पूछताछ जारी है। आने वाले दिनों में इस अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क के और चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.आर. पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम संदीप मित्तल और नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक अमन कुमार झा के मार्गदर्शन में की गई।
टीम को मिली बड़ी कामयाबी
इस कार्रवाई में निरीक्षक रविन्द्र यादव, प्रभारी एंटी क्राइम यूनिट परेश कुमार पांडेय, उप निरीक्षक राजेन्द्र कंवर, सउनि फूलचंद भगत, प्र.आर. वीरेन्द्र भार्गव, मार्तंड सिंह, हरजीत सिंह, तुलसीराम भारद्वाज, शिवालाल रत्नाकर समेत एंटी क्राइम यूनिट और सरस्वती नगर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0