आयुष्मान योजना में लंबित भुगतान पर अस्पताल संचालकों की चिंता, AHPI ने उठाई आवाज
आयुष्मान योजना में लंबित भुगतान पर अस्पताल संचालकों की चिंता, AHPI ने उठाई आवाज
रायपुर। एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स ऑफ इंडिया (AHPI) छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया है कि स्टेट नोडल एजेंसी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से आगे) के लिए आयुष्मान योजना के लंबित भुगतानों का आंशिक भुगतान शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी भी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्वास्थ्य विभाग को स्पष्टता और कार्रवाई करने की जरूरत है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि विभाग को जनवरी से मार्च 2025 तक के लंबित भुगतान, जिला और राज्य स्तरीय शिकायत निवारण समिति द्वारा अनुशंसित पिछले दो वर्षों के पुनर्जीवित केस, सभी अस्पतालों के इलाज पैकेज रिवीजन तथा आने वाले दिनों में प्रति माह निर्बाध भुगतान प्रक्रिया को सुनिश्चित करना होगा। ऐसा करने से बार-बार आयुष्मान योजना में भुगतान रुकने की समस्या दूर की जा सकेगी।
अस्पताल संचालकों की बैठक की तैयारी
राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अस्पताल संचालकों की बैठक आयोजित करने पर विचार चल रहा है। इस बैठक में आयुष्मान योजना से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों और कार्यप्रणाली में आ रही रुकावटों को दूर करने के उपायों पर चर्चा होगी।
राष्ट्रीय स्तर पर मुद्दा उठेगा
आयुष्मान योजना के लंबित भुगतान को लेकर लगातार सामने आ रही परेशानियों की जानकारी AHPI के राष्ट्रीय डायरेक्टर जनरल डॉ. गिरधर ज्ञानी को भी दी गई है। राज्य इकाई की ओर से नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) को शिकायत पत्र भेजा जा रहा है। इस पर राष्ट्रीय नेतृत्व छत्तीसगढ़ समेत सभी राज्यों से बातचीत करके स्पष्ट गाइडलाइन बनाने की पहल करेगा, ताकि योजना में पारदर्शिता और सुचारू भुगतान व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
सरकार से तत्काल भुगतान की मांग
डॉ. गुप्ता ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह जनवरी से मार्च 2025 तक के अस्पतालों के लंबित भुगतान तुरंत जारी करे। उन्होंने कहा कि यह कदम सरकार की नेक नियति और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0