15 इंच का नवाब और 2 इंच की गुड़िया आम बनीं आकर्षण का केंद्र: रायपुर मैंगो फेस्टिवल में दिखा फलों का रंग-बिरंगा मेला
रायपुर। राजधानी रायपुर में चल रहे मैंगो फेस्टिवल ने आम प्रेमियों को एक से बढ़कर एक स्वाद, रंग और खुशबू वाले आमों से रूबरू कराया। इस फेस्टिवल में 200 से ज्यादा किस्मों के आमों ने लोगों को चौंकाया, जिनमें पाकिस्तान की ‘हूर’, अफगानिस्तान का ‘नूरजहां’, और बस्तर की ‘रसभरी’ खास चर्चा में रहे।
छोटे-से-छोटे आम और बड़े-से-बड़े नवाब
यहां आम का साइज भी लोगों को चौंकाने वाला रहा। 2 इंच की ‘गुड़िया’ से लेकर 15 इंच लंबे और डेढ़ किलो वज़न तक के ‘नवाब’ आम ने खूब सुर्खियां बटोरीं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई इन अनोखे आकार के आमों के साथ सेल्फी लेता नजर आया।
देश-विदेश की खास किस्में एक ही छत के नीचे
फेस्टिवल में छत्तीसगढ़ के बस्तर, धमतरी, कांकेर जैसे इलाकों के देसी आमों के साथ उत्तर प्रदेश का दशहरी, महाराष्ट्र का हापुस, बिहार का लंगड़ा, झारखंड का आम्रपाली और तेलंगाना का बंबैया भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। वहीं पाकिस्तान से आई 'हूर' और अफगानिस्तान का 'नूरजहां' विदेशी स्वाद का तड़का लगा रहे हैं।
किसानों की मेहनत भी आई रंग
इस आयोजन में 50 से ज्यादा आम उत्पादक किसानों ने भाग लिया। किसानों ने आम की खेती के अपने अनुभव भी साझा किए। कुछ वैराइटी तो ऐसी थीं, जिन्हें 5 साल की रिसर्च और देखरेख के बाद तैयार किया गया है।
स्वाद के साथ ज्ञान भी
फेस्टिवल में आमों की प्रदर्शनी के साथ-साथ उनके पोषण, खेती के तरीके और जैविक तकनीकों की जानकारी देने वाले स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां लोग आम के स्वाद के साथ-साथ ज्ञान की मिठास भी ले रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0