जंगल में उतरा सीएम का उड़नखटोला, गांववालों से बोले- सरकार रिपोर्ट कार्ड लेकर आपके द्वार आई है

 0
जंगल में उतरा सीएम का उड़नखटोला, गांववालों से बोले- सरकार रिपोर्ट कार्ड लेकर आपके द्वार आई है

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का ‘सुशासन तिहार’ अभियान रविवार को बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक के आदिवासी गांव आमागोहन पहुंचा। हेलिकॉप्टर से पहुंचे मुख्यमंत्री को देखने के लिए ग्रामीण चिलचिलाती धूप में भी घंटों इंतजार करते रहे। सीएम ने समाधान शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, योजनाओं का फीडबैक लिया और तुरंत निराकरण के निर्देश भी दिए। शिविर में कुल 2265 में से 2212 आवेदनों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद में कहा— "जो सरकार अच्छा काम करती है, वही जनता के बीच जाने की हिम्मत रखती है। सुशासन तिहार हमारी सरकार का रिपोर्ट कार्ड है, जिससे हम योजनाओं की सच्चाई जानने आपके गाँव आए हैं।"

विकास की सौगातें: कॉलेज से लेकर विद्युत सब स्टेशन तक

मुख्यमंत्री ने बेलगहना में कॉलेज खोलने की घोषणा की। आमागोहन और आसपास के गांवों की बिजली समस्या के लिए 33 केवी का विद्युत सब स्टेशन और सामुदायिक भवन बनाने की भी मंजूरी दी।

मोदी की गारंटी पर पूरा भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे पीएम आवास, जनमन आवास, महतारी वंदन, तेंदूपत्ता बोनस और मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के ज़रिए सीधे लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि दो साल से अटके धान बोनस का भुगतान कर दिया गया और प्रति क्विंटल 3100 रुपए में धान खरीदी शुरू की गई है।

गांव के लोग बोले- अब जिंदगी बदली है

पीएम आवास की हितग्राही छोटे लाल ने बताया कि अब पक्के घर में रहते हैं, जिससे बरसात में परेशानी नहीं होती। वहीं महतारी वंदन योजना की लाभार्थी विमला बाई ने बताया कि हर महीने मिलने वाली 1000 रुपये की राशि उन्होंने अपनी नातिन के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश की है।

मेधावी बच्चों का हुआ सम्मान

समाधान शिविर में सीएम ने 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। साथ ही विभिन्न विभागों के अंतर्गत महिला समूहों, किसानों और लाभार्थियों को सामग्री और राशि का वितरण भी किया गया।

कहानी में भावनाएं भी जुड़ीं

मुख्यमंत्री को ग्राम की छात्रा दीपिका और देवी सिंह ने खुद के बनाए पोर्ट्रेट भेंट किए, जिसे सीएम ने खुशी-खुशी स्वीकार किया। मौके पर मौजूद सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन लाल साहू ने भी सुशासन तिहार की सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री खुद अंतिम छोर के गांवों तक जा रहे हैं, ये आम बात नहीं है।

इस शिविर में शामिल हुए 11 गांव: आमागोहन, सोनपुरी, तुलुप, नगोई, नवगांव सोनसाय, मोहली, खोंगसरा, डाँड़बछाली, टांटीधार, बिटकुली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0