रेत खदान में खूनी वारदात! जेसीबी ऑपरेटर पर चाकूबाजी, आरोपी फरार — कांग्रेस बोली, बीजेपी सरकार फेल
रेत खदान में चाकूबाजी — जेसीबी ऑपरेटर पर हमला, मुख्य आरोपी थाने से फरार, बीजेपी सरकार पर कांग्रेस के गंभीर आरोप
धमतरी।छत्तीसगढ़ में रेत माफियाओं की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही है। 16 जून की रात धमतरी जिले के डॉलर और भरारी इलाके की अवैध रेत खदानों पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान माफियाओं ने प्रशासन द्वारा बुलाए गए जेसीबी ऑपरेटर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ऑपरेटर को रायपुर रेफर किया गया है। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी की विष्णु देव सरकार पर कांग्रेस ने सीधा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि राज्य में रेत माफियाओं को सत्ताधारी पार्टी का संरक्षण मिल रहा है। अवैध खनन पर कार्रवाई करने गई टीम के सामने इस तरह की वारदात राज्य सरकार की नाकामी को उजागर करती है।
ऐसे हुआ हमला
16 जून की रात 8:30 बजे एसडीएम पीयूष तिवारी, तहसीलदार और पुलिस बल के साथ डॉलर और भरारी के रेत खदानों पर अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे थे। वहां चार जगह जेसीबी और चैन माउंटेन मशीनों से अवैध रेत उत्खनन हो रहा था। अधिकारियों को देख माफिया मौके से भाग निकले।
इसके बाद जब भंवरमारा से बुलाए गए ऑपरेटर ललित ध्रुव (23 वर्ष) को चैन माउंटेन मशीन लाने भेजा गया, तभी माफियाओं ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसके पैर, कमर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। ऑपरेटर को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया और हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस पर भी दबाव, आरोपी थाने से फरार
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों — अंकुश अग्रवाल, बिट्टू गलवानी, करण टंडन और मजहर खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मगर मुख्य आरोपी अंकुश अग्रवाल पुलिस थाने से फरार हो गया।
इस लापरवाही को लेकर एसपी मणि शंकर चंद्र ने अर्जुनी थाना प्रभारी टी. चंद्रकांत साहू और रात्रि ड्यूटी में तैनात महिला आरक्षक को नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे में जवाब तलब किया है।
अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के आदेश
घटना के बाद कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक बुलाई। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के दौरान दो हाईवे ट्रक, एक चैन माउंटेन मशीन जप्त की गई। साथ ही भरारी में दो चैन माउंटेन मशीन और एक जेसीबी मशीन भी जब्त की गई।
नदी से अवैध तरीके से निकाली गई 400 ट्रैक्टर रेत का भंडारण भी जब्त कर लिया गया। खपरी निवासी वरुण साहू को नोटिस जारी किया गया है।
कांग्रेस का हमला, विष्णु देव सरकार पर गंभीर आरोप
इस घटना को लेकर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राज्य में रेत माफिया पूरी तरह बेलगाम हो गए हैं और उन्हें सत्तारूढ़ बीजेपी का खुला संरक्षण प्राप्त है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि विष्णु देव सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है, प्रशासन और पुलिस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
तीन दिन पहले भी हुई थी बदमाशों की करतूत
बताते चलें कि इसी तरह कुरूद में तीन दिन पहले एक आरक्षक को कुछ बदमाशों ने पीट दिया था। अब लगातार इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक अमले की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रही हैं।
मायने
छत्तीसगढ़ में रेत माफिया के खिलाफ कार्रवाई करना प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ा चुनौतीपूर्ण हो गया है। सरकार पर लगातार विपक्ष का दबाव बढ़ रहा है और अब इस पूरे मामले में बीजेपी की विष्णु देव सरकार घिरती नजर आ रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0