हैदराबाद-रायपुर इंडिगो फ्लाइट में AC बंद, डेढ़ घंटे तक यात्री रहे बेहाल — उल्टी, चक्कर और गर्मी से मची अफरा-तफरी
हैदराबाद-रायपुर इंडिगो फ्लाइट में AC बंद, डेढ़ घंटे तक यात्री रहे बेहाल — उल्टी, चक्कर और गर्मी से मची अफरा-तफरी
रायपुर। शुक्रवार को हैदराबाद से रायपुर आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 7248 में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट के एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम ने उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही काम करना बंद कर दिया, जिसके चलते करीब डेढ़ घंटे तक विमान के अंदर भीषण गर्मी और दमघोंटू माहौल बना रहा। कई यात्रियों को चक्कर आने लगे और कुछ ने उल्टी भी कर दी।
फ्लाइट में सवार यात्रियों ने बताया कि जैसे ही विमान ने हैदराबाद के शमशाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी, कुछ ही देर बाद केबिन का तापमान तेजी से बढ़ने लगा। एयर कंडीशनिंग बंद होने से हवा का संचार बंद हो गया और यात्री किताबों, अखबारों और पन्नों से खुद को हवा करते नजर आए। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को हुई। यात्रियों ने सांस लेने में तकलीफ और चक्कर आने जैसी शिकायतें कीं।
यात्रियों का एयरपोर्ट पर फूटा गुस्सा
रायपुर एयरपोर्ट पर जैसे ही विमान लैंड हुआ, यात्री गुस्से में एयरलाइंस के कर्मचारियों से भिड़ गए। कई यात्रियों ने फ्लाइट क्रू से शिकायत की, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। यात्रियों का आरोप है कि इंडिगो कर्मचारियों ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। इससे नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया और अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।
“सांस लेना मुश्किल हो गया था” — यात्रियों की आपबीती
फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने सवाल24 न्यूज़ से बातचीत में बताया, “लग रहा था जैसे दम घुट रहा हो। AC बंद होने से गर्मी और घुटन इतनी बढ़ गई कि बच्चे रोने लगे और कई यात्रियों को चक्कर आने लगे। एयरलाइंस ने इस समस्या को नजरअंदाज किया।”
एयरलाइंस की चुप्पी, यात्रियों में आक्रोश
इस पूरे घटनाक्रम पर इंडिगो एयरलाइंस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन यात्रियों की शिकायतों से साफ है कि यह एक गंभीर लापरवाही का मामला है, जिसमें यात्रियों की सेहत और सुरक्षा को खतरे में डाला गया।
DGCA से शिकायत की मांग
यात्रियों ने इस मामले की जांच की मांग करते हुए कहा है कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को इसमें दखल देना चाहिए और एयरलाइंस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
2
Sad
0
Wow
0