कवर्धा कलेक्ट्रेट को उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर, बम की तलाश में जुटी रही पुलिस"
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला मुख्यालय कवर्धा स्थित कलेक्ट्रेट में उस समय हड़कंप मच गया जब बुधवार को कलेक्टर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर RDX विस्फोट से दफ्तर उड़ाने की धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियाँ तुरंत हरकत में आ गईं।
जैसे ही धमकी की जानकारी मिली, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह छावई ने तत्काल एक्शन लेते हुए बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS), स्नीफर डॉग टीम, QRT यूनिट, LMV वाहन और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजा।
एहतियात के तौर पर कलेक्ट्रेट को पूरी तरह खाली कराया गया और आम लोगों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगा दी गई। कलेक्ट्रेट परिसर की घेराबंदी कर सख्त सुरक्षा घेरा बना दिया गया।
हर कमरे और कोने की गहन जांच
बम डिस्पोजल स्क्वॉड और स्नीफर डॉग्स की सहायता से कार्यालय परिसर के प्रत्येक कोने की बारीकी से तलाशी ली गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी खुद मौके पर मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
झूठी धमकी, साइबर जांच जारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ईमेल में दी गई धमकी झूठी और भ्रामक थी, जिसका मकसद केवल दहशत फैलाना और शांति भंग करना था। कबीरधाम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की सहायता से मेल भेजने वाले की तलाश शुरू कर दी है।
तकनीकी विश्लेषण और ईमेल भेजने वाले के IP एड्रेस को ट्रेस करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही अज्ञात आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, जनता से संयम की अपील
पुलिस अधीक्षक छावई ने कहा, "ऐसे झूठे मेल भेजकर डर फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस की तत्परता और समन्वय से टली बड़ी घटना, जिससे प्रशासन और आम जनता दोनों ने राहत की सांस ली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0