श्रवण कुमार की राह पर सरकार: बुज़ुर्गों को मिला मथुरा-वृंदावन तीर्थ यात्रा का सौभाग्य
छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत आज एक विशेष टूरिस्ट ट्रेन रायगढ़ रेलवे स्टेशन से 800 श्रद्धालुओं को लेकर मथुरा और वृंदावन के लिए रवाना हुई। यह पहल उन बुज़ुर्गों के लिए खास तोहफा है, जो आर्थिक या अन्य वजहों से जीवन में कभी तीर्थ यात्रा नहीं कर पाए थे।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस मौके पर कहा, "हमारी सरकार श्रवण कुमार की परंपरा को जीवंत कर रही है। बुज़ुर्गों की सेवा करना हमारा कर्तव्य है और यह योजना उसी भावना से शुरू की गई है।"
रायगढ़, जशपुर और सारंगढ़ से शामिल हुए श्रद्धालु
इस ट्रेन में रायगढ़ जिले से 273, जशपुर से 391 और सारंगढ़-बिलाईगढ़ से 116 यात्री शामिल हुए। कुल 750 तीर्थ यात्रियों के साथ 20 अनुरक्षक भी यात्रा पर रवाना हुए। यह जत्था 1 मई को मथुरा, दोपहर को वृंदावन और 2 मई को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करेगा। वापसी यात्रा 3 मई को होगी।
गाजे-बाजे और फूलों से सजी ट्रेन, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का पारंपरिक गाजे-बाजे से स्वागत किया गया। पूरी ट्रेन को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था। हर कोच एयर कंडीशंड है, जिसमें रेलवे स्टाफ के साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा और सेवा के लिए 7 विभागीय कर्मचारी भी शामिल किए गए हैं। यात्रियों के स्वास्थ्य के लिए डॉक्टरों की टीम भी साथ रवाना हुई।
विधवा एवं परित्यक्त महिलाओं को भी मिला योजना में स्थान
इस योजना को पुनः प्रारंभ करते हुए राज्य सरकार ने इसमें विस्तार भी किया है। अब न केवल वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन, बल्कि विधवा एवं परित्यक्त महिलाएं भी इस योजना के तहत तीर्थ यात्रा का लाभ उठा सकेंगी।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
इस अवसर पर सांसद राधेश्याम राठिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का आभार व्यक्त किया और कहा, "आपके प्रयासों से बुज़ुर्गों का सपना साकार हो रहा है, यह उनके जीवन की सबसे अनमोल स्मृति बन जाएगी।"
स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत सभापति बृजेश गुप्ता, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और सीईओ जितेन्द्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0