कोविड-19 को लेकर छत्तीसगढ़ में पूरी तैयारी, घबराने की जरूरत नहीं: स्वास्थ्य मंत्री
रायपुर, 24 मई 2025 | छत्तीसगढ़ में कोविड-19 की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह चौकन्ना है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रविवार को भरोसा दिलाया कि “कोविड को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है, सरकार पूरी तरह तैयार है।” उन्होंने कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, जरूरी दवाइयां और प्रशिक्षित मैनपावर उपलब्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों वाले मरीजों की सतत निगरानी की जाए और ज़रूरत पड़ने पर एसएआरआई (Severe Acute Respiratory Infection) मरीजों को तत्काल भर्ती किया जाए। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि राज्य के अस्पताल किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सुसज्जित हैं।
रायपुर में एक कोविड पॉजिटिव मरीज मिला, निगरानी में रखा गया
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रायपुर जिले में एक व्यक्ति की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मरीज को तत्काल स्वास्थ्य निगरानी में रखा गया है और उसकी स्थिति सामान्य है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग से दिए गए निर्देश
स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया और आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. प्रियंका शुक्ला ने सभी जिला सर्वेलेन्स अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। निर्देश दिए गए कि सभी जिलों में बुखार, सर्दी, खांसी और गले में खराश जैसे लक्षण वाले मरीजों की गंभीरता से जांच की जाए और आईडीएसपी (Integrated Disease Surveillance Programme) के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
भीमराव अंबेडकर अस्पताल में व्यवस्थाओं की समीक्षा
राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में कोविड की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए ओपीडी, वार्ड और इमरजेंसी सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। अस्पताल में कोविड-19 ओपीडी को सामान्य ओपीडी से अलग रखा गया है। गंभीर मरीजों की अलग एंट्री और भर्ती की व्यवस्था की गई है। यहां स्क्रीनिंग, टेस्टिंग और इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
देशभर में कोविड नियंत्रण में, केंद्र सरकार की पुष्टि
भारत सरकार के डायरेक्टर जनरल हेल्थ सर्विसेस की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि देशभर में कोविड-19 की स्थिति नियंत्रण में है। अब तक जो केस सामने आए हैं, वे माइल्ड हैं और इनमें अस्पताल में भर्ती की जरूरत नहीं पड़ी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0