ट्रंप के डर से युद्ध रोका गया, भाजपा ने निकाली 'आभार यात्रा': कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का तीखा हमला
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा की तिरंगा यात्रा को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह यात्रा असल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रति आभार प्रकट करने के लिए निकाली जा रही है। बैज ने कहा कि युद्ध विराम की घोषणा भारत नहीं, बल्कि ट्रंप ने की, और भाजपा सरकार ने व्यापारिक दबाव में आकर झुकने का काम किया।
दीपक बैज ने सवाल उठाया, “अमेरिकी राष्ट्रपति को यह अधिकार किसने दिया कि वह भारत और पाकिस्तान के युद्ध पर निर्णय लें? क्या हमारे जवानों की शहादत की कीमत सिर्फ व्यापार है?” उन्होंने ट्रंप के कश्मीर मध्यस्थता बयान पर भी केंद्र सरकार की चुप्पी को शर्मनाक बताया और कहा कि यह भारत की अखंडता में सीधा हस्तक्षेप है।
बैज ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को नष्ट किया और देश को गौरव महसूस कराया, लेकिन सरकार ने बहादुरी के इस प्रतीकात्मक क्षण को युद्ध विराम की घोषणा से धुंधला कर दिया।
उन्होंने केंद्र सरकार पर तिरंगा यात्रा के जरिए जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाया और कहा कि यह यात्रा 'विफल विदेश नीति' की ढाल बन गई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि सेना के शौर्य को राजनीतिक ढाल बनाकर भाजपा जनता को गुमराह कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0