देश में टेक्नोलॉजी की नई राजधानी बनेगा छत्तीसगढ़, पहला 'AI SEZ' बना राज्य की पहचान
रायपुर। छत्तीसगढ़ ने देश के तकनीकी नक्शे पर बड़ी छलांग लगाते हुए पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (AI SEZ) स्थापित करने का गौरव प्राप्त किया है। यह नवा रायपुर में बन रहा है और अगले तीन महीने के भीतर इसे केंद्र सरकार की मान्यता भी मिल जाएगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ आईटी और डेटा आधारित उद्योगों का नया गढ़ बनने की ओर बढ़ रहा है।
1000 करोड़ का निवेश, भविष्य का तकनीकी हब
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश होगा। उद्योग विभाग और छत्तीसगढ़ स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड मिलकर इस योजना को मूर्त रूप दे रहे हैं। राज्य सरकार का दावा है कि एआई सेज से हज़ारों युवाओं को सीधे रोजगार मिलेगा और कंपनियों को अत्याधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा।
AI कंपनियों को मिलेगा हाइटेक प्लेटफॉर्म
इस ज़ोन में खासतौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों पर काम करने वाली कंपनियों को आकर्षित किया जाएगा। इसके लिए सरकार टैक्स छूट, तेज़ मंजूरी प्रक्रिया और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
डिजास्टर रिकवरी से लेकर डेटा सुरक्षा तक की पूरी तैयारी
इस ज़ोन में डिजास्टर रिकवरी सेंटर भी विकसित किए जाएंगे ताकि तकनीकी आपदाओं के दौरान डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही डेटा स्टोरेज और क्लाउड सेवाओं के लिए अलग क्षेत्र निर्धारित किया जाएगा।
युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण और नौकरी
AI सेज में युवाओं के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम भी होंगे, जिनमें उन्हें एआई और अन्य डिजिटल तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, कंपनियों को स्किल्ड मैनपावर तुरंत उपलब्ध होगा, जिससे स्थानीय युवाओं को नौकरी के बेहतरीन अवसर मिलेंगे।
उद्योग मंत्री ने कहा - "छत्तीसगढ़ बनेगा डिजिटल इंडिया का पावरहाउस"
राज्य के उद्योग मंत्री ने कहा, “यह सिर्फ एक SEZ नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की भविष्य की पहचान है। हमारी कोशिश है कि यहां से निकलने वाले तकनीकी समाधान देश ही नहीं, दुनिया में उपयोग किए जाएं।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0